मुंबई पुलिस ने चालक को पकड़ा
सुल्तानपुर : मुंबई पुलिस ने बीती रात एक ट्रेलर चालक को धर दबोचा। चालक मुबंई से ट्रक में लदा साढ़े 25
सुल्तानपुर : मुंबई पुलिस ने बीती रात एक ट्रेलर चालक को धर दबोचा। चालक मुबंई से ट्रक में लदा साढ़े 25 टन सरिया बेच कर फरार हो गया था। चोरी किए गए सरिया की कीमत करीब दस लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार चालक का पुलिस ने मेडिकल कराया है। मेडिकल कराकर पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से सीजेएम ने ट्रांजिट रिमांड देते हुए मुंबई की कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया।
मुंबई के न्यू बांबे स्थित उरुण थानांतर्गत विंध्य कुमार दूबे का ट्रांसपोर्ट है। ट्रांसपोर्ट के एक ट्रेलर एकएच 46 एच 6626 को स्थानीय थानांतर्गत नरायनपुर निवासी जीतलाल वर्मा का बेटा मनोज कुमार वर्मा चलाता था। ट्रांसपोर्टर दूबे के मुताबिक बीती 16 फरवरी को उक्त वाहन पर 25 टन 40 किलो सरिया लोड किया गया। एक नामी कंपनी के इस सरिया की कीमत नौ लाख 76 हजार 835 रुपये है। सरिया लोड होने के बाद से ही मनोज का पता नहीं चल रहा था। दूबे ने ट्रेलर और चालक के गुमशुदगी की रपट बीती 20 फरवरी को उरुण थाने में दर्ज कराई। तीन दिन बाद ट्रेलर ट्रक लावारिश दशा में मिला। ट्रक पर लदा सरिया गायब था। लिहाजा, चालक की तलाश शुरू हुई। शुक्रवार को अपराह्न बाद मुंबई पुलिस इंसपेक्टर विनोद अनंत पांड्रा ट्रांसपोर्टर दूबे के साथ लम्भुआ कोतवाली पहुंचे। बीती रात मुंबई पुलिस ने नरायनपुर स्थित ट्रक चालक मनोज वर्मा के घर छापा मारा। पुलिस ने घर में मौजूद चालक को धरदबोचा। चालक के पास बरामद रकम की जानकारी पुलिस ने नहीं दी है। गिरफ्तार चालक वर्मा का स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल कराया गया। शनिवार को चालक को अदालत में पेश किया गया।