बेमौसम बरसात से व्यवस्था बदहाल
सुल्तानपुर : बेमौसम बरसात से व्यवस्था बदहाल हो गई है। जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर व गांवों में
सुल्तानपुर : बेमौसम बरसात से व्यवस्था बदहाल हो गई है। जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर व गांवों में जगह-जगह जलभराव हो गया है। सड़कें कीचड़मय हो गई हैं। हालांकि मंगलवार को दिन में बीच-बीच में धूप निकलती रही, जिससे ठंड से लोगों को राहत जरूर मिली। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को भी मिलाजुला मौसम रहेगा।
रविवार देर रात अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। बूंदाबांदी होने लगी। सोमवार को दिनभर रिमझिम बरसात होती रही। रात में भी बूंदाबांदी व बारिश का सिलसिला चलता रहा। बेमौसम हुई बरसात से जगह-जगह जलभराव हो गया। सड़कें कीचड़ से बजबजाने लगी, जिससे लोगों का राह चलना मुश्किल हो गया। मंगलवार को सुबह धूप निकली, लेकिन थोड़ी ही देर बाद एक बार फिर से आसमान में बादल छा गए। जिले के कुछ इलाकों में बरसात भी हुई। नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम पर्यवेक्षक शंखमाधव तिवारी के मुताबिक मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.5 व न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। आर्द्रता अधिकतम 90 व न्यूनतम 55 रही। 1.8 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से पछुआ हवाएं चलीं। उन्होंने बताया कि बुधवार को मिलाजुला मौसम रहेगा। दिनभर सूरज व बादलों के बीच लुकाछिपी चलती रहेगी।