सपा नेता की गोली मारकर हत्या
सुल्तानपुर : दुस्साहसिक हमलावरों ने शुक्रवार की शाम थाने से चंद कदम दूर पूनी भीमपट्टी गांव के निकट स
सुल्तानपुर : दुस्साहसिक हमलावरों ने शुक्रवार की शाम थाने से चंद कदम दूर पूनी भीमपट्टी गांव के निकट सपा नेता व पूर्व जिपं सदस्य की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात कर हत्यारे भाग निकले। सरेशाम हुई घटना से लोगों में आक्रोश फैल गया और लोग शव लेकर लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग बैठ गए। चार बजे से लगा जाम देर शाम आठ बजे तक नहीं खुल सका था। जिसकी वजह से दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई थी।
चांदा थाने के बधनपुर (कालिकागंज) निवासी राजदेव यादव (55) पुत्र रामदुलार यादव शाम करीब चार बजे पूनी भीमपट्टी स्थित अपने ईट भट्टे की ओर बाइक से जा रहे थे। जब वे चांदा थाने से चंद कदम दूर भट्ठे के निकट पहुंचे थे तभी एक बाइक पर सवार तीन हथियारबंद लोगों ने उन्हें घेर लिया। राजदेव पर ताबड़तोड़ फाय¨रग की। जिससे वे वहीं गिर पड़े और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर तमंचा लहराते हुए भाग निकले। उधर, फाय¨रग से इलाके में दहशत फैल गई। कुछ देर बाद सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। आक्रोशित ग्रामीणों ने वारदात के लिए पुलिस निष्क्रियता को दोषी ठहराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं ले जाने दिया। देखते ही देखते आसपास के कई गांवों के लोग मौके पर जमा हो गए। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर शव को बीच सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस के आला अफसर भी मौके पर आ पहुंचे। प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने की कोशिश की लेकिन हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे लोग नहीं माने। करीब चार घंटे से मार्ग पर आवागमन बाधित है। खबर लिखे जाने तक जाम नहीं हट सका है। वाहनों की लंबी कतारें कई किलोमीटर तक लगी हुई हैं। उधर, चांदा प्रभारी गंगाधर चौहान ने बताया कि अभी तक पीड़ित परिवारीजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। हालांकि मामले को लेकर सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी गई है। पूर्व जिपं सदस्य का पारिवारिक विवाद भी चर्चा में है।
सपा जिलाध्यक्ष प्रो.राम सहाय यादव ने पूर्व जिपं सदस्य राजदेव यादव की हत्या पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राजदेव हमारी पार्टी के जुझारू नेता थे।