महिलाओं ने लगाई सुरक्षा की गुहार
सुल्तानपुर : राजधानी लखनऊ में घटित मोहनलालगंज कांड को लेकर रविवार को भी विरोध-प्रदर्शन का सिलसिला जारी रहा। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने सूबे में महिलाओं एवं छात्राओं पर हो रहे अत्याचार, उत्पीड़न के विरोध में बैनर-पोस्टर लेकर महिला सुरक्षा की गुहार की। सिविल लाइन स्थित आजाद पार्क में धरना दिया। कानून व्यवस्था के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए संघर्ष का एलान किया।
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति के बैनर तले पूर्वाह्न बड़ी संख्या में महिलाओं एवं छात्राओं ने नारी सुरक्षा को लेकर प्रदेश सरकार को कठघरे में खड़ा किया। सिविल लाइन इलाके में महिलाओं ने मार्च निकाला। जिसमें नवजवान सभा के कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। तदुपरांत आजाद पार्क के सामने हाथों में बैनर-पोस्टर लिए हुए महिलाओं एवं जनवादी कार्यकर्ताओं ने मोहनलालगंज कांड को इंगित कर लगातार हो रही दुष्कर्म की वारदातों व महिलाओं के साथ उत्पीड़न की घटनाओं पर गहरी चिंता जताई। समिति की प्रदेश कोषाध्यक्ष सुमन सिंह ने कहा कि लगातार सामाजिक मूल्यों में आती गिरावट के कारण छेड़छाड़, दुष्कर्म, लूट की वारदातें बढ़ती जा रही हैं। सरकार के पास इन्हें रोकने के लिए कोई ठोस योजना नहीं है। जिलाध्यक्ष रंजना ने मांग की कि महिला हिंसा के खिलाफ सख्त कानून बनाया जाए और ऐसे अमानवीय कृत करने वालों को तत्काल सजा-ए-मौत दी जाए। जिला सचिव दुर्गावती ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो उनके खिलाफ सख्त कदम नहीं उठा तो समिति संघर्ष का रास्ता अख्तियार करेगी। वहीं जनवादी नवजवान सभा ने भी मोहनलालगंज कांड को सभ्य समाज पर एक बदनुमा दाग बताया है। संगठन ने विशेष बैठक में कहा है कि आज जिस तरह समाज बदल रहा है। महिलाएं आगे निकल रही हैं। ऐसे में इनकी सुरक्षा को लेकर सरकारों को गंभीर होना होगा। वह व्यवस्था सरकार नहीं दे पा रही है जो अपेक्षित है। यही वजह है कि दिल्ली के निर्भया कांड से भी भयानक वारदात लखनऊ के मोहनलालगंज में हुई। अपराधियों के ऐसा सुलूक किया जाए जिससे कि उनमें कानून का खौफ उत्पन्न हो सके। इस मौके पर संगीता मिश्रा, किरन त्रिपाठी, राजकुमारी, साक्षी शाह उर्मिला सोनी, रचना, मिनी शाह, बृजेंद्र तिवारी, विवेक विक्रम सिंह, अंशुमान, मनीष तिवारी, गौरव पांडेय, सचिन सिंह, चंदन आदि मौजूद रहे।