समीक्षा में चार जिलों ने दी झूठी रिपोर्ट!
सुल्तानपुर: मंडलायुक्त के साथ बैठक में चार जिलों के कृषि अधिकारियों ने नलकूपों की स्थिति के संबंध में फर्जी रिपोर्ट पेश की। समीक्षा के दौरान मामला खुला तो कमिश्नर ने फैजाबाद, अमेठी, अंबेडकरनगर व सुल्तानपुर के मुख्य विकास अधिकारियों को नोटिस भेजकर जवाब तलब किया है।
मंडलायुक्त विपिन कुमार द्विवेदी की ओर से जानकारी दी गई है कि 21 अप्रैल को कृषि विभाग के मंडल एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ हुई बैठक में जो जानकारी दी गई है वो भ्रामक व पेश की गई रिपोर्ट झूठी है। जैसे फैजाबाद में नलकूपों की संख्या 721, चालित 654 व खराब 41 बताई गई है। ऐसे में 26 राजकीय नलकूपों के बारे में महकमे ने कोई जानकारी नहीं दी है। इसी तरह अंबेडकर नगर में 474 में से 22 नलकूप खराब दर्शाए गए हैं। 448 चालू हालत में, लेकिन चार नलकूप के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। सबसे ज्यादा गड़बड़ी सुल्तानपुर के कृषि अधिकारी की रिपोर्ट में है। 527 नलकूप में से 438 चालू तथा 31 खराब दर्शाया गया है। लेकिन 58 राजकीय नलकूपों का विवरण नहीं दिया गया है। अमेठी के 516 में से 419 चालू, 51 खराब, लेकिन 46 नलकूपों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। इन सबसे इतर बाराबंकी जिले की 243 नलकूपों के संबंध में सही रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है।
आयुक्त द्विवेदी ने मंडलीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों की गलत बयानी, खराब नलकूपों की फर्जी रिपोर्ट व लोकेशन की जानकारी न होना घोर लापरवाही माना। उन्होंने चारों जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों को नोटिस भेजकर जवाब तलब किया है और कहा है कि धान की नर्सरी से पहले सभी नलकूपों को चलाने के लिए दस दिन के भीतर खराबी ठीक करा ली जाए।