कच्चा मकान गिरा, बालक घायल
रामगढ़ (सोनभद्र) : पन्नूगंज थाना क्षेत्र के विसंभरपुर गांव में रविवार की दोपहर खपरैल का कच्चा मकान भरभरा कर गिर पड़ा। मकान के मलबे में दबने से ओमप्रकाश (12) जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से मलबे को हटा कर बच्चे की जान बचाई गई।
विसंभरपुर गांव निवासी हनुमान का घर सड़क के किनारे है। जिस स्थान पर उसका घर है उसके बगल में बारिश का पानी भरा हुआ है। हनुमान व उसकी पत्नी घर के अन्य सदस्यों के साथ बाहर कृषि कार्य कर रहे थे। हनुमान का पुत्र ओमप्रकाश घर में सो रहा था। घटना दोपहर एक बजे की है। अचानक खपरैल का कच्चा मकान भरभरा कर गिर पड़ा और उसके मलबे में ओमप्रकाश दब गया।
घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। परिवार के लोग दहाड़ेंमार कर रोने लगे। गांव के लोगों ने मलवा हटाना शुरू किया। गनीमत यही था कि मलबे से निकाले गए ओमप्रकाश को मामूली चोट लगी। इससे परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली।