ठंड से दो की मौत
सीतापुर: ठंड ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। पिसावां व खैराबाद थाना क्षेत्रों में एक महिला व वृद्ध की ठंड से मौत होने की खबर है। दोनों के शव खेतों में पाए गए हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पिसावां क्षेत्र में प्रशासनिक कर्मचारियों ने लिखा पढ़ी की है।
कुतुब नगर संवादसूत्र के अनुसार पिसावां थाना क्षेत्र के ग्राम कुतुबनगर निवासी रमाकांत बाजपेई की 55 वर्षीय पत्नी सीता देवी शनिवार को शौच के लिए गांव के बाहर खेतों की तरफ गई थी। इसी बीच उसकी ठंड लगने से मौत हो गई। परिवारीजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। रविवार सुबह उसके पुत्र अश्वनी कुमार ने साजिद के खेत में सीता देवी का शव पड़ा पाया। परिवार ठंड से मौत होना बता रहा है। लेखपाल राजेश कुमार व अन्य प्रशानिक कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर लिखा पढ़ी की है। इधर शहर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला नारायन नगर निवासी 65 वर्षीय जयसिंह 27 दिसंबर को लहरपुर गए थे। जिसके बाद वे लापता हो गए। शनिवार को उनका शव खैराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बनियापुर के निकट नहर के किनारे एक खेत में पड़ा मिला। पुलिस का कहना है कि इन दिनों भीषण सर्दी चल रही है। इस वजह से ठंड लगने से जयसिंह की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिवारीजन भी वृद्ध की मौत ठंड लगने से होना बता रहे हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर