महिला ने एक साथ जने दो बेटे, दो बेटी
सीतापुर : जिला महिला चिकित्सालय के परिसर नव निर्मित भवन का लेबर रूम पहले ही दिन रविवार को एक साथ चा
सीतापुर : जिला महिला चिकित्सालय के परिसर नव निर्मित भवन का लेबर रूम पहले ही दिन रविवार को एक साथ चार बच्चों की किलकारी से गूंज उठा। रविवार दोपहर को यहां एक महिला ने चार बच्चों को जन्म दिया है। जिनमें से दो बालक और दो बालिकाएं हैं। जच्चा समेत चारों बच्चे पूरी तरह से स्वस्थ हैं।
खैराबाद कस्बे के नई बस्ती मुहल्ला निवासी कौशल मौर्या पेशे से राज मिस्त्री हैं। कौशल की पत्नी सोनी को प्रसव पीड़ा होने पर रविवार को जिला महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां सोनी ने सामान्य प्रसव से चार बच्चों को जन्म दिया है। सोनी ने सबसे पहले दोपहर 12.35 बजे बेटे को, 12.45 बजे बेटी को, 12.55 बजे बेटे को और एक बजे बेटी को जन्म दिया। जन्म के समय इन बच्चों का वजन क्रमश: एक किलोग्राम, 750 ग्राम, 500 ग्राम और 250 ग्राम है। सोनी ने बताया कि उसकी शादी को पांच साल हो गए हैं, और यह पहला प्रसव है।
प्रसव कराने वाली डॉ. रीता वर्मा का कहना है कि जन्म के बाद से चारों बच्चे स्वस्थ हैं। दो बच्चों का वजन कम होने से थोड़ा मुश्किल जरूर है। उनका यह भी कहना है कि यह कोई अजूबी बात नहीं है। चिकित्सा विज्ञान में ऐसे कई मामले हैं, जब किसी महिला ने दो या फिर तीन से अधिक बच्चों को जन्म दिया है। वह बताती हैं कि कई बार बच्चा न होने की दशा में महिलाएं बच्चा होने की दवा लेती हैं, ऐसी स्थिति में तीन या फिर इससे अधिक बच्चों के एक साथ होने की संभावना बढ़ जाती है, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि जच्चा कि अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट ने उसके गर्भ में तीन बच्चों के होने की पुष्टि की थी।
जिला महिला चिकित्सालय के लेबर रूम व स्टाफ रूप सहित कई वार्डो को अस्पताल परिसर में बने नए भवन में स्थानांतरित कर दिया है। रविवार से ही इस नए भवन में प्रसव शुरू हुए और पहले ही दिन एक साथ चार बच्चों के जन्म से ड्यूटी पर कार्यरत डॉक्टरों, स्टाफ नर्सो और वार्ड आया ने खुशी जताई है।