जनवरी माह में होगी सेना में भर्ती
सीतापुर: भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा की इच्छा रखने वाले शिक्षित बेरोजगारों के लिए खुशखबरी
सीतापुर: भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा की इच्छा रखने वाले शिक्षित बेरोजगारों के लिए खुशखबरी है। जनपद मुख्यालय पर आगामी जनवरी माह में सेना में उनकी भर्ती का आयोजन होने जा रहा है। इसमें बहराइच, श्रावस्ती, हरदोई, उन्नाव, फर्रुखाबाद व सीतापुर प्रतिभागियों को शामिल किया जाएगा। भर्ती के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी के लिए जिला प्रशासन को आदेश प्राप्त हो गए हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट सोमदत्त मौर्य ने बताया कि जनपद मुख्यालय पर भारतीय सेना में भर्ती का कार्यक्रम आगामी जनवरी माह में प्रस्तावित है। इसके लिए सेना के उच्चाधिकारियों की तरफ से तैयारी के संबंध में आदेश प्राप्त हो गए हैं। उन्होंने बताया कि इस भर्ती मेले में छह जनपदों के प्रतिभागी शामिल होंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि भर्ती के दिनों प्रतिदिन करीब 9 हजार युवा जवान शामिल होंगे। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि सेना के उच्चाधिकारियों की तरफ से प्राप्त आदेशों के क्रम में तैयारियां प्रारंभ करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए जा रहे हैं। साथ ही पुलिस और पीएसी के अधिकारियों को मामले से अवगत कराया जा रहा है। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि सेना की तरफ से अभी यह जानकारी जिला प्रशासन को नहीं मिली है कि जवानों की भर्ती कब से कब तक होगी, लेकिन इतना जरूर है जानकारी मिली है यह भर्ती आगामी जनवरी माह में होनी है।