कठिना नदी में कांवड़िया डूबा
महोली (सीतापुर): मंगलवार को यहां कठिना नदी में स्नान करते समय एक कांवड़िया डूब गया। समय से गोताखोर न पहुंचने पर नाराज कांवड़ियों ने राजमार्ग जाम कर दिया। इससे नगर के दोनों ओर दूर तक जाम लग गयी। पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कांवड़ियों को समझाया और गोताखोरों की व्यवस्था कराई। तब जाम हट सका। देर शाम तक गोताखोर नदी में तलाश कर रहे थे।
राजघाट हरदोई से कांवर लेकर लगभग एक हजार कांवरियों का जत्था यहां रात में पहुंचा था। सुबह कांवड़िया स्नान कर भोजन की व्यवस्था में लगे थे। इसी दौरान कांवड़ियों के जत्थे में शामिल हरदोई जिले के थाना टड़ियांवा के महराजनगर गांव निवासी गिरेंद्र पाल पुत्र रामभजन अपने साथियों के साथ कठिना नदी में पुल के पास स्नान करने चला गया। पैर फिसल जाने से वह गहराई में चला गया। सूचना पर लोग मौके पर पहुंचे और तलाश की, लेकिन नदी में पानी अधिक होने के कारण पता नहीं चला।
पुलिस को सूचना देने के बाद गोताखोर एक घंटे तक नहीं पहुंचे तो कांवड़ियों ने राजमार्ग जाम लग दिया। इधर उरदौली व उधर नेरी तक वाहनों का भीषण जाम लग गया। इससे यातायात ठप हो गया। लोग गोताखोर की मांग कर रहे थे। एसडीएम केएन उपाध्याय, सीओ अरुण चंद्र, कोतवाल अशोक त्रिपाठी के समझाने पर भी लोग नहीं माने। दोपहर बाद एडीएम एसके दीक्षित, एएसपी हरदयाल सिंह,मौके पर पहुंचे और कांवड़ियों को समझाया।
अधिकारियों द्वारा मौके पर महोली, पिसावां, इमलिया, रामकोट पुलिस को तैनात कर दिया गया। अधिकारियों ने रेउसा क्षेत्र से गोताखोरों को स्टीमर समेत मौके पर बुलाया। तब जाकर कांवरिया माने और मार्ग से जाम हट सका। इसके बाद राजमार्ग पर तीन घंटे बाद यातायात बहाल हुआ। सूचना पाकर कांवड़िया के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे। गांव के साथी युवक लखपति, वीरेश, सतेंद्र, रमेश, संदीप, राजवीर ने बताया कि वह तैर नहीं पाता था। देर शाम तक स्टीमर लेकर गोताखोर नदी में उतरे और डूबे युवक की तलाश करते रहे। लेकिन सफलता नहीं मिली।