स्कूल का हैंडपंप उगल रहा दूषित जल
सिद्धार्थनगर : विकास खण्ड अन्तर्गत ग्राम पंचायत तरैना में स्थित प्राथमिक विद्यालय का इण्डिया मार्का
सिद्धार्थनगर : विकास खण्ड अन्तर्गत ग्राम पंचायत तरैना में स्थित प्राथमिक विद्यालय का इण्डिया मार्का हैंडपंप दूषित पानी दे रहा है। मजबूरी में मासूम बच्चों को पानी पीने के लिए तथा दोपहर का भोजन बनाने हेतु रसोइयों को गांव के अंदर से पानी लाना पड़ता है। समस्या के प्रति जिम्मेदार लापरवाह हैं, इस बीच कहीं अनजाने में छात्र-छात्राओं द्वारा उक्त हैंडपंप के पानी का सेवन किया गया तो फिर उनके स्वास्थ्य का भगवान ही मालिक है।इण्डिया मार्का हैंडपंप की मरम्मत जल निगम विभाग व ग्राम पंचायत के बीच में फंसी हुई है। इस स्कूल में 95 बच्चों का नामांकन है। जिनकी प्यास बुझाने का कोई इंतजाम नहीं है। विद्यालय के अंदर लगा हैंडपंप महीनों से दूषित जल दे रहा है, यही नहीं पानी के साथ नल से कीड़े भी निकलते हैं। पानी निकाल कर अगर कहीं रखा जाता है तो कुछ देरी में उसका रंग पीला पड़ जाता है। समस्या के प्रति सूचना प्रधान के अलावा खण्ड शिक्षाधिकारी को दी गई, परंतु इस दिशा में अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया है।
प्रधानाध्यापक बृजेश जायसवाल ने बताया कि जिम्मेदार लोगों को समस्या से अवगत कराया गया। समाधान उन्हीं के स्तर से ही संभव है। ग्राम प्रधान मोहम्मद कलीम का कहना है कि मरम्मत के लिए मिस्त्री को जब नल दिखाया गया, तो उसने बताया कि स्थिति रिबोर करने वाली है। जिसकी सूचना भी दी गई, मगर जल निगम विभाग के लोग रिबोर कराने में कोई रुचि नहीं दिखा रहे हैं।