एसडीएम ने रोका नाला निर्माण, ग्रामीणों में रोष
उस्का बाजार, सिद्धार्थनगर : नगर पंचायत क्षेत्र के राजेन्द्र नगर वार्ड में हो रहे नाला का निर्माण उप
उस्का बाजार, सिद्धार्थनगर : नगर पंचायत क्षेत्र के राजेन्द्र नगर वार्ड में हो रहे नाला का निर्माण उपजिलाधिकारी द्वारा रोके जाने पर नागरिकों में आक्रोश है। नगर पंचायत अध्यक्ष व सभासद ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की गुहार की है।
उस्का-सोहांस मार्ग से राजेन्द्र नगर वार्ड के परसा खुर्द टोले में जाने हेतु संपर्क मार्ग पहले से बना है। पूरे टोले में बरसात में पानी जमा हो जाता है। निकासी हेतु कोई प्रबंध नहीं है। नागरिकों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर पंचायत बोर्ड ने लगभग 4.5 लाख की लागत से संपर्क मार्ग के किनारे नाला निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत किया है। सभासद सरस्वती श्रीवास्तव ने 4 फरवरी को समाधान दिवस में भूमि पैमाइश हेतु प्रार्थना पत्र दिया था, जिस पर मुकामी पुलिस की उपस्थिति में हल्का लेखपाल द्वारा चिह्नांकन किया गया। इसी के अनुसार नाला खुदाई का कार्य लगभग पूर्ण हो गया और ईट लगाने का काम शुरू होने वाला था। शनिवार को उपजिलाधिकारी सदर मौके पर पहुंच कर नाला निर्माण रुकवा दिये। सभासद ने आरोप लगाया कि बगल के भूमि मालिक सार्वजनिक भूमि को हथियाने के चक्कर में उपजिलाधिकारी की मदद से नाला निर्माण रुकवाना चाहते हैं। उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है, जिससे जल निकासी की समस्या से नागरिकों को निजात मिल सके और सार्वजनिक भूमि सुरक्षित रह सके। रामशंकर, सुखराम दास, राम मिलन, तौलन, श्रीराम आदि नागरिकों ने जनहित में नाला निर्माण पूर्ण कराये जाने की मांग किया है। नगर पंचायत अध्यक्ष हेमंत कुमार जायसवाल ने बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी से मिलकर प्रकरण को अवगत कराया है। पूरे नगर पंचायत में सड़क के किनारे नाला का निर्माण हो रहा है तो वहां पर प्रशासनिक अधिकारी द्वारा निर्माण रोकना जायज नहीं है। उपजिलाधिकारी आरडी. राम ने कहा कि भू-अभिलेख में वह भूमि सड़क के नाम से दर्ज है। ऐसे में वहां नाला निर्माण नहीं हो सकता। प्रशासन की मंशा है कि नियम के अनुरूप ही निर्माण कार्य हो।