लोनिवि श्रमिक संघ का धरना
सिद्धार्थनगर : अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग श्रमिक संघ के तत्वा
सिद्धार्थनगर : अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग श्रमिक संघ के तत्वाधान में श्रमिकों ने लोनिवि परिसर में एक दिवसीय धरना देकर शासन व प्रशासन को चेताने का कार्य किया। गुरुवार सुबह 11 बजे से आयोजित धरने में लंबित मांगों का क्रम वार विवरण प्रस्तुत किया गया और मांगे पूर्ण न होने पर संघर्ष की चेतावनी भी दी गई।
धरने को संबोधित करते संघ के प्रांतीय अध्यक्ष सत्य नारायण ने कहा कि श्रमिकों के साथ सरकार व विभाग सौतेला व्यवहार कर रहा है। मेट संवर्ग को मोपेड भत्ता का चाहे मामला हो या फिर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के साइकिल भत्ता का, सभी की मांग पूर्व से होती रही पर अभी तक कुछ नहीं हो सका। 10, 16 व 26 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण करने वाले श्रमिकों के पदोन्नति वेतनमान का मामला भी सरकार दबाये बैठी है। पेंशन व्यवस्था के तहत आने वाले कर्मचारियों के मामले में भी शिथिलता चरम पर है। पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाली से लेकर जीपीएफ तक का मामला अधर में है। श्रमिकों के हक को दिलाने के लिए अब अनुनय विनय नहीं बल्कि संघर्ष का रास्ता हमें अख्तियार करना पडे़गा जिसके लिए हमें तैयार रहना होगा।
श्रमिक संघ के जिलाध्यक्ष जर्नादन प्रसाद ठकुराई की अध्यक्षता में सम्पन्न धरने को विजय कुमार त्रिपाठी, रमेश चतुर्वेदी, जोखन कन्नौजिया, अरुण कुमार, कमलेश चौधरी आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन संघ के कार्यकारी अध्यक्ष भोला नाथ पाठक ने किया।