मंझधार में परिवार छोड़ डूब गया सर्वजीत
सिद्धार्थनगर : उस्का थाना क्षेत्र के ग्राम कुकुरभुकवा घाट पर नदी में डूबे युवक का परिवार मंझधार में
सिद्धार्थनगर : उस्का थाना क्षेत्र के ग्राम कुकुरभुकवा घाट पर नदी में डूबे युवक का परिवार मंझधार में है। दूसरे दिन शुक्रवार को मृतक नदी से लाश निकाली गई। उसका नाम सर्वजीत उर्फ बाघे(35) है। वह उस्का थाना क्षेत्र के ग्राम परसपुर का निवासी था। शव देख घाट पर स्थिति गमगीन हो गई कि उसकी अनुपस्थिति में चार बेटियों व परिवार की जिम्मेदारी कौन संभालेगा।
सर्वजीत गुरुवार को घाट पर बेटे के साथ मछली का शिकार करने गया था। वह नदी में डूबकर मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान उसका सिर किसी पत्थर से टकराया और उसके बाद काफी देर तक वह ऊपर नहीं निकला। देर शाम तक उसका पता न चलने पर सुबह 8 बजे परिजन गोताखोरों के साथ घाट पर पहुंचे। घंटे भर के बाद मृतक का शव नदी में मिला। सिर पर काफी खून लगने से हर किसी ने आशंका व्यक्त की कि पत्थर लगने से वह लहूलुहान हुआ होगा और चोट गहरी होने के चलते बाहर नहीं निकल सका। पानी में दम घुटने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बता दें सर्वजीत की चार बेटियां व इकलौता बेटा है। अभी किसी भी बेटी की शादी नहीं हुई है। परिवार की जिम्मेदारी वह ही संभालता था। ऐसे में सभी के जेहन में यह सवाल कौंध रहा है कि उसकी अनुपस्थिति में परिजनों की जिम्मेदारी कौंन संभालेगा। सबसे बड़ा बेटा राजन अभी 12 साल का है। राजन घटना के दौरान अपने पिता के साथ था। पत्नी रीता का रो-रो कर बुरा हाल है।