अपमानित सपा नेता की मुख्यमंत्री से गुहार
सिद्धार्थनगर : गोल्हौरा थानाध्यक्ष की कार्यप्रणाली से अब सत्ता पक्ष के नेता भी क्षुब्ध हैं। रविवार र
सिद्धार्थनगर : गोल्हौरा थानाध्यक्ष की कार्यप्रणाली से अब सत्ता पक्ष के नेता भी क्षुब्ध हैं। रविवार रात एक पैरवी में गये बांसी विस क्षेत्र इकाई के अध्यक्ष जवाहर लाल निषाद को भी दारोगा ने कथित रूप से खरी खोटी सुनाकर अपमानित कर दिया। अब वह इसकी गुहार शिकायती पत्र के जरिये पुलिस अधीक्षक से लेकर सीएम तक लगा रहे हैं।
निषाद द्वारा मुख्यमंत्री सहित पुलिस महानिदेशक व एसपी को दिये गये शिकायती पत्र के मुताबिक रविवार रात लगभग 11 बजे जिगनिहवा केगल्ला व्यवसाई राम चन्द्र का लगभग 525 बोरी गेहूं दो ट्रकों पर लद कर खलीलाबाद जा रहा था। अचानक थानाध्यक्ष रणविजय सिंह हमराहियों के साथ पहुंच गये और ट्रक को थाने ले जाने लगे। इस पर गल्ला व्यवसाई ने खाद्यान्न सही बताते हुए कागजात दिखाना चाहा तो उसे थाने चलने को कहा। व्यवसायी ने सपा नेता जवाहर को फोन कर बुला लिया। मौके पर पहुंचे नेता जी ने ट्रकों को थाने ले जाने का कारण पूछा तो एसओ व हमराही उनपर भड़क गये। उन्हें खूब खरी खोटी सुनाई। थानेदार ने हिदायत दिया कि नेता जी यहां से चले जाइए नहीं तो पुलिस कार्यवाई में व्यवधान डालने का दोषी मान लूंगा। इससे पूर्व भी उनकी कई शिकायत पुलिस अधीक्षक से हुई है। बावजूद कार्य पद्धति में कोई बदलाव नहीं है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रणविजय सिंह का कहना है कि हमने किसी को कुछ नहीं कहा है। लोकतंत्र में हर कोई स्वतंत्र हैं। कोई कहीं शिकायत करे, क्या फर्क पड़ता है।