आफत बनी बारिश, हर तरफ तबाही
सिद्धार्थनगर :हुदहुद की तूफानी बारिश रहमत के बजाय आफत बन गई है। तबाही ऐसी कि दर्जनों विशाल वृक्ष धरा
सिद्धार्थनगर :हुदहुद की तूफानी बारिश रहमत के बजाय आफत बन गई है। तबाही ऐसी कि दर्जनों विशाल वृक्ष धराशाई हो गए। चार दर्जन विद्युत पोल व स्पेन टूट गए। इसके चलते समूचे डुमरियागंज तहसील क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।
तूफानी बारिश से तबाही का नजारा बुधवार को दिखाई दिया। डुमरियागंज-बस्ती मार्ग पर ही आधा दर्जन पेड़ गिरे। तहसील परिसर में विशाल पेड़ धराशाई हुआ। बारिश से जल जमाव ऐसा कि नगर पंचायत मुख्यालय स्थित दर्जनों दुकानों के अंदर पानी घुस गया। तहसील प्रांगण में भरे पानी से आज भी स्थिति बदतर दिखी। सड़कों पर बने गड्ढों ने तालाब जैसी तस्वीर पैदा कर दी। चक्रवात के कारण भड़रिया, जखौली, बढ़नी चाफा आदि गांवों में आधा दर्जन से ऊपर मकान ध्वस्त हो गए हैं। डुमरियागंज, हल्लौर, बयारा, कूड़ी सभी विद्युत फीडरों पर चालीस से पैंतालीस बिजली पोल टूट गए। 50 से 60 स्थानों पर स्पेन तार क्षतिग्रस्त हुए। विद्युत आपूर्ति छत्तीस घंटे पूर्व जो ठप हुई, वह समाचार लिखे जाने तक बहाल नहीं हो सकी थी। न ही जल्द ठीक होने के आसार ही नजर आ रहे हैं।
आधा दर्जन मकान गिरने की सूचना है। क्षेत्र में लेखपाल लगे हुए हैं, रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तस्वीर सामने आ सकती है कि चक्रवात से कितना नुकसान हुआ। तहसील प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है। यथा संभव हर तरह के जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
शिरीष त्रिपाठी,
तहसीलदार
''करीब 40 से 45 विद्युत पोल व 50 से 60 स्पेन क्षतिग्रस्त हुए। सभी चार फीडरों की लाइनें ध्वस्त हैं। पेट्रोलिंग कराई जा रही है। अभी स्पष्ट नहीं बताया जा सकता है कि कितनी क्षति हुई। विद्युत आपूर्ति कब बहाल होगी, कुछ कहा नहीं जा सकता है।''
एस.के. मिश्रा,
अवर अभियंता, विद्युत