शिविर में आत्मरक्षा के बताये उपाय
सिद्धार्थनगर :
सोमवार को सायं चार बजे ब्लाक संसाधन प्रांगण स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय पर विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें लड़कियों एवं महिलाओं की आत्मरक्षा बिंदु पर विस्तृत रूप से जानकारी दी गई।
शिविर को संबोधित करते हुए तहसीलदार रजित राम गुप्ता ने कहा कि अपनी सुरक्षा के प्रति लड़कियों एवं महिलाओं को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। लड़कियां विद्यालय आएं तो ग्रुप में आएं, घर से सीधे स्कूल और छुट्टी पर सीधे घर जाएं। किसी अराजक तत्व द्वारा कोई गलत हरकत की जाती है तो इसे अपने अभिभावकों व विद्यालय के शिक्षक को अवश्य बताएं, जिससे ऐसे गलत लोगों को सबक सिखाया जा सके। महिलाओं की सुरक्षा के लिए हेल्प लाइन 1090 शुरू है। महिलाओं को अपने साथ होने वाले किसी भी दुर्व्यवहार अथवा मोबाइल पर छींटाकशी या फिर किसी प्रकार की शिकायत हो तो तुरंत हेल्प लाइन का प्रयोग करें। तत्काल उनकी मदद की जाती है और नाम भी गोपनीय रखा जाता है। राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षक अष्टभुजा पाण्डेय व जूनियर विद्यालय के प्रधानाध्यापक नसीम अहमद ने अपने-अपने संबोधन में उक्त विषय पर चर्चा करते हुए वर्तमान वातावरण में लड़कियों एवं महिलाओं से सतर्कता बरतने पर जोर दिया।
शिविर में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष इंद्र मणि पाण्डेय, सुरेश प्रसाद, राम कृष्ण मिश्रा, महिमा नाथ उपाध्याय, कस्तूरबा विद्यालय की वार्डन श्रीमती साधना श्रीवास्तव, रानी पाल, रंजना मिश्रा समेत तमाम अध्यापक, अधिवक्ता व बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।