कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों का दमखम
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर : स्थानीय विकास क्षेत्र मे नाग पंचमी पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर कुश्ती प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
शुक्रवार को नगर पंचायत क्षेत्र के काशीराम नगर में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ सदर विधायक विजय पासवान ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर किया। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा के इस खेल को जीवित रखने के लिए सभी को ऐसे आयोजनों को हमेशा करना चाहिए। विधायक ने कुश्ती के खेल को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। प्रतियोगिता में सेखुई के गणेश ने उस्की के राजेश को धूल चटाया तो रेहरा के शैलेष यादव ने मधुरी के माधव को आसमान दिखाया। महराजगंज के पहलवान देवानंद यादव और उस्का के अनिल यादव के बीच कुश्ती बराबरी पर छूटा। इसी प्रकार महराजगंज के राहुल व उस्का के राहुल यादव के बीच भी जोर अजमाइश बराबर रहा। इसी क्रम में ग्राम पंचायत हथिवड़ताल के प्राथमिक विद्यालय तिवारीडीह में आयोजित कुश्ती में पनिहवा के रोहित साहनी ने महराजगंज के बालकेश, पनिहवा के सिकन्दर ने अपने ही गांव के प्रदीप को हराया। प्रतियोगिता के आयोजन में निर्णायक की भूमिका चन्द्रशेखर, चन्द्रभान पहलवान, राम शरण दास, ग्राम प्रधान मनोज साहनी, नंदलाल, राम बेलास, राम भुक्त, विजय कुमार, मुकेश, मनोज यादव व तेजू यादव आदि मौजूद रहे।