दाई आंख के बजाए बाई का कर दिया ऑपरेशन
श्रावस्ती : संयुक्त जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों ने लापरवाही की हद कर दी। दाएं आंख का ऑपरेशन करवान
श्रावस्ती : संयुक्त जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों ने लापरवाही की हद कर दी। दाएं आंख का ऑपरेशन करवाने आई महिला के बाएं तथा बाएं आंख का ऑपरेशन करवाने आई महिला के दाएं आंख का ऑपरेशन कर दिया गया। ऑपरेशन करने के बदले महिलाओं से 18-18 सौ रुपये भी वसूले गए।
बदइंतजामी के चलते अव्यवस्थाओं से जूझ रहे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में आए दिन कोई न कोई घटनाएं होती रहती हैं। सोमवार की रात भिनगा कोतवाली क्षेत्र के अकबरपुर गांव निवासी फूलमता पत्नी शिव प्रसाद व ननकना पत्नी खिरोधर अपने आंख का ऑपरेशन करवाने आई थी। फूलमता को अपनी बाई तथा ननकना को दाई आंख का ऑपरेशन करवाना था। जांच पड़ताल के बाद इन्हें ऑपरेशन कक्ष में भर्ती किया गया। ऑपरेशन के समय फूलमता की दाई तथा ननकना की बाई आंख का ऑपरेशन कर दिया गया। ऑपरेशन कक्ष से बाहर निकलने के बाद महिलाओं के साथ मौजूद उनके पुत्रों ने इसकी सूचना परिवारीजनों को दी। रात में ही गांव से लोग अस्पताल पहुंच गए, लेकिन यहां चिकित्सक नहीं मिले। सुबह चिकित्सक के पहुंचने पर हो हल्ला शुरू हो गया। फूलमता के बेटे अलखराम तथा ननकना के बेटे मंगली का आरोप है कि ऑपरेशन के बदले उनसे 18-18 सौ रुपये भी ऐंठ लिए गए हैं। हंगामा होते देख चिकित्सक ने मरीजों पर शिकायत न करने का दबाव भी बनाया। दूसरी आंख का भी ऑपरेशन करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन पीड़ित उनकी बातों में नहीं आए। शिकायत के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे। डीएम के तहसील दिवस में होने से महिलाओं को लेकर घर वापस चले गए।
इस संबंध में सीएमएस डॉ. वेद प्रकाश शर्मा का कहना है कि महिलाओं की दोनों आंखे ऑपरेशन के लायक थीं। एक-एक आंख का ऑपरेशन किया गया है। दूसरी आंखों का बाद में ऑपरेशन होना था। ऑपरेशन के बाद आंखों की रोशनी भी ठीक आई है। महिलाओं की ओर से लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं। पैसे लेने जैसी कोई बात नहीं है।