विधायक को देख पीड़ितों की ढुलक पड़ी अंखियां
श्रावस्ती: नेपाल से आया मुसीबत का पानी प्रलय मचाकर भले ही चला गया हो लेकिन अपने पीछे सिर्फ छोड़ गया तबाही का मंजर। चारों ओर बाढ़ से बर्बादी ही बर्बादी दिख रही है। कोई छप्पर पर बैठा मदद का इंतजार कर रहा है तो कोई सड़क पर डेरा डाले अपनों के लिए सिसक रहा है। इन्हीं सबके बीच सियायत भी उफान पर है। सैलाब के सितम से कराह रहे पीड़ितों के आंसू जनप्रतिनिधि पोंछ रहे हैं। गुरुवार को भिनगा विधायक बाढ़ से प्रभावित लक्ष्मनपुर सेमरहनिया गांव में पहुंचीं और एक वृद्ध महिला से दुख दर्द पूछा तो इस महिला के आंखों से आंसू छलक उठे। कहा बहिनी बाढ़ मा सब कुछ हमार बहि गवा अब तोहरै लोगन का सहारा बचा है। इतना कहते ही 75 वर्षीय कलावती को विधायक ने गले लगा कर सहयोग का पूरा आश्वासन दिया।
गुरुवार को भिनगा विधायक इंद्राणी वर्मा, ज्ञान प्रकाश कैराती, अरमान वर्मा, विनीत त्रिपाठी के साथ पोंगली, पोंगला, लक्ष्मनपुर सेमरहनिया, जोगियनकला, शमशेरगढ़, भलुहिया, टिकुइया आदि गांवों में जाकर बाढ़ से प्रभावित हुए लोगों के दुख दर्द को जाना और सरकार से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान विधायक ने पीड़ितों की मदद भी की। भाजपा जिलाध्यक्ष रामफेरन पांडेय, समाजसेवी राजेश शुक्ला, भिनगा किराना एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश गुप्ता व समाजसेवी तथा ठेकेदार मिथलेश शुक्ला ने भी कई गांवों में जाकर पीड़ितों को राहत सामग्री का वितरण किया।