चालक की हत्या कर लूटी बोलेरो
श्रावस्ती : घर से गोंडा बुकिंग गए एक चालक की हत्या कर अज्ञात लुटेरे गिलौला थाना क्षेत्र के माजरे के पास बौद्ध परिपथ के किनारे शव फेंक कर बोलेरो वाहन लेकर फरार हो गए। मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात लुटेरों के विरुद्ध हत्या और लूट का मामला दर्ज किया गया है। मृतक चालक गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र के बाजपेईपुरवा मुडे़रवा माफी गांव है।
बताया जाता है कि गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र के बाजपेईपुरवा मुडे़रवा माफी गांव निवासी ओंकार नाथ शुक्ल(22) पुत्र शिव कुमार शुक्ल विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के सेमरियावां गांव के अकबाल नरायन मिश्र का बोलेरो वाहन को चलाता था। 12 नवंबर को सुबह आठ बजे घर से बोलेरो लेकर गोंडा गए थे। परिवारीजनों के अनुसार- मृतक ने बताया था कि वह नानपारा बुकिंग लेकर जा रहा है। चार लोगों ने नानपारा के लिए बोलेरो बुक कराया था। शाम पांच बजे घर वालों से ओंकार ने बात किया था और बताया था कि वह नानपारा में है। आठ बजे रात में उसने अपने परिवारीजनों को बताया था कि दो घंटे में घर पहुंच जाएगा। उसके बाद से परिवारीजनों का उससे संपर्क कट गया। गुरुवार को सुबह बौद्ध परिपथ पर माजरे गांव के पास शव पड़ा देखा गया। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के जेब के कागजातों से उसकी शिनाख्त की। पुलिस के अनुसार-युवक की गला दबाकर हत्या कर वाहन को लूटा गया है। घटना की सूचना पाकर मृतक के परिवारीजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के पिता शिवकुमार शुक्ल पुत्र भागीरथ शुक्ल की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध हत्या और लूट का मामला दर्ज किया है। घटना स्थल पर एएसपी आरपी सिंह और सीओ राम कृपाल भारतीय पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। थानाध्यक्ष दिनेश यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर