गायत्री मंत्रों से गूंज रही बुद्ध तपोस्थली
श्रावस्ती : बुद्ध की तपोस्थली श्रावस्ती बुद्धमं शरणमं गच्छामि..के साथ गायत्री मंत्रों से भी गूंज रही
श्रावस्ती : बुद्ध की तपोस्थली श्रावस्ती बुद्धमं शरणमं गच्छामि..के साथ गायत्री मंत्रों से भी गूंज रही है। शांति कुंज हरिद्वार के तत्वावधान में कटरा बाजार में पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ यज्ञ-हवन के साथ किया गया। कार्यक्रम में हरिद्वार से आए विद्वानों की ओर से पर्यावरण में यज्ञ की महत्ता के साथ सामाजिक कुरीतियों पर चोट किया जा रहा है।
बौद्ध व जैन धाम श्रावस्ती से सटे कटरा बाजार में पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ में हरिद्वार से आए विद्वानों का जमावड़ा हो रहा है। यज्ञ-हवन के साथ प्रवचन का दौर जारी है। गायत्री मंत्रों के साथ यज्ञ-हवन में पुरुषों व महिलाओं की भागीदारी हो रही है। शांति कुंज से आए कथा वाचक पं. प्रेम शंकर दूबे ने यज्ञ की महत्ता का वर्णन करते हुए कहा कि यज्ञ करने से वातावरण शुद्ध होता है। उन्होंने कहा कि आर्थिक लिप्सा की अंधी दौड़ में वनों की अंधाधुंध कटान व औद्योगीकरण के कारण विश्व का वायु मंडल बुरी तरह प्रदूषित हो गया है। इसके चलते मानव व पशु पक्षियों का जीवन ही नहीं बल्कि वनस्पतियां व फसल चक्र भी प्रभावित हो रहा है। इसलिए हम सभी को नियमित रूप से यज्ञ करना चाहिए। यज्ञ के यजमान राहुल गुप्ता रहे। कार्यक्रम में माया शुक्ला, शशि श्रीवास्तव, जगतराम तिवारी, शिवपूजन तिवारी आदि मौजूद रहे।