असलहों के साथ बदमाशों को दबोचा
शाहजहांपुर : पुलिस की तत्परता से बुधवार रात बड़ी वारदात टल गई। दो बदमाश पिस्टल, तमंचा, कारतूस के साथ पकड़े गए। एक बदमाश पुलिस को चकमा देकर भागने सफल रहा। बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने निकले थे। कोतवाली पुलिस ने दोनों बदमाशों का चालान कर दिया है।
सब इंस्पेक्टर क्रांतिवीर रात में 11 बजे फोर्स के साथ गश्त पर थे। कनौजिया पेट्रोल पंप के निकट बाइक सवार तीन युवक संदिग्ध हालत में दिखाई पड़े। पुलिसकर्मियों ने रुकने का इशारा किया तो बाइक सवारों ने भागने की कोशिश की। कांस्टेबल अजय प्रताप एवं मंसूर बाइक सवारों को दबोचने दौड़े। आरोप है कि दो युवकों ने पुलिस को निशाना साधते हुए गोली चला दी। गोली से बचे सिपाहियों ने फुर्ती दिखाते हुए दोनो युवकों को दबोच लिया। मची अफरातफरी के बीच कपिल नामक तीसरा बदमाश भाग निकला। पकड़े गए युवकों में भाटनटोला का रॉबिन गुप्ता एवं कच्चा कटरा निवासी आकाश गुप्ता है। रॉबिन के पास तलाशी में मुंगेर निर्मित पिस्टल, छह कारतूस 32 बोर, आकाश के पास 315 बोर का तमंचा, छह कारतूस बरामद हुए। इंस्पेक्टर आरपी सिंह ने बताया कि दोनों युवक अपराधी प्रवृत्ति के हैं। रॉबिन के खिलाफ पहले से जानलेवा हमले के दो मुकदमे दर्ज हैं। आकाश के खिलाफ दूसरे थानों में केस दर्ज होने की जानकारी मिली है।