बढ़े सर्किल रेट पर आइआइए को आपत्ति
शाहजहांपुर : सरकारी सर्किल रेट की प्रस्तावित बढ़ोत्तरी पर आइआइए ने आपत्ति जताते हुए नाराजगी जाहिर की है। संगठन की बैठक में इस बढ़ोत्तरी में संशोधन की मांग की गई। इसके बाद संगठन ने एडीएम को पत्र सौंपकर स्टाम्प शुल्क में संशोधन की मांग की।
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की बैठक पूर्व चैप्टर चेयरमैन अनिल गुप्ता के आवास पर हुई। बैठक में संगठन के प्रांतीय उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने कहा कि विगत कई वर्षो से लगातार सरकारी सर्किल रेट में बढ़ोत्तरी हो रही है। जो कि नाजायज है। उन्होंने कहा कि अब तक जितनी बढ़ोत्तरी हो चुकी है उतनी रेट भू संपत्तियों के नहीं बढ़े हैं। पूर्व चैप्टर चेयरमैन अनिल गुप्त ने कहा कि इस वर्ष प्रस्तावित संशोधन/बढ़ोत्तरी लगभग 20 प्रतिशत या उससे अधिक है जो गलत है। इसी प्रकार किराया, निर्माण की दरों में बढ़ोत्तरी अधिक है। इस बढ़ोत्तरी से रजिस्ट्री कम होंगी जिससे राजस्व में भी कमी आएगी। बैठक के बाद संगठन के प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन एडीएम वित्त को दिया गया। जिसमें उक्त मांगों को बताया गया। पत्र में शहर के खिरनी बाग, जमुका, जमौर, रसूलपुर जहानगंज, लौका, हथौड़ा बुजुर्ग सहित सदर क्षेत्र के लालपुर, भेदपुर, मौजमपुर, गोपालपुर, नवदिया, ददरौल आदि गांवों की कृषक व अकृषक भूमि के प्रस्तावित सर्किल रेट 20 प्रतिशत या उससे अधिक बढ़ने का प्रस्ताव है। पत्र में प्रस्तावित बढ़ोत्तरी पर आपत्ति जताते हुए संशोधन की मांग की गई। पूर्व चैप्टर चेयरमैन अनिल गुप्ता ने बताया कि एडीएम वित्त द्वारा संशोधन पर विचार करने का आश्वासन दिया गया। इस दौरान विवेक अग्रवाल, मनोज गुप्ता, कृष्ण कुमार गर्ग, अशोक खन्ना, सुमन चंद्र गुप्ता, राकेश कपूर, विश्वामित्र तलवाड़, प्रेम वर्मा, विश्वमोहन गुप्ता, सज्जन गोयल, रामगोपाल अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, हरि किशोर गुप्ता, जयकिशन कटियार, शोभित गोयल, शशांक गुप्ता आदि थे।