Move to Jagran APP

मैन पॉवर के करंट से मिलेगी यातायात को रफ्तार

शाहजहांपुर : वर्ष 2015 में ट्रैफिक संसाधनों एवं मैन-पॉवर के करंट से शहर की रफ्तार तेज होगी। जाम से

By Edited By: Published: Sun, 21 Dec 2014 11:14 PM (IST)Updated: Sun, 21 Dec 2014 11:14 PM (IST)
मैन पॉवर के करंट से मिलेगी यातायात को रफ्तार

शाहजहांपुर : वर्ष 2015 में ट्रैफिक संसाधनों एवं मैन-पॉवर के करंट से शहर की रफ्तार तेज होगी। जाम से निजात मिलेगी तो गाड़ियां सड़कों पर सरपट दौड़ती नजर आएंगी। कलेक्टर ने भी अतिक्रमण की बाधा पार करने का मन बनाया है। बीते वर्ष के कटु अनुभवों को साझा करते हुए पुलिस अधिकारियों ने नव वर्ष में उत्साह के साथ यातायात को रफ्तार देने की रणनीति को लेकर सड़क पर उतरने की तैयारी शुरू की है।

loksabha election banner

केरूगंज-पक्कापुल की रफ्तार बढ़ेगी

शहर में जाम प्वाइंट केरूगंज-पक्कापुल पर फ्लैक्सिबल (रबड़ की भांति) डिवाइडर लगाया जाएगा। प्रयोग के तौर मोबाइल बैरियर लगाया गया है। जिसका परिणाम उत्साहजनक दिख रहा है। फ्लैक्सिबल डिवाइडर समस्या का पूरी तरह से समाधान हो जाएगा। नववर्ष में शहरियों, राहगीरों को नई व्यवस्था का लाभ मिलने लगेगा।

अंटा चौराहा : जाम का कलंक मिटेगा

दोपहर में अंटा चौराहे की ओर रुख करना कोई नहीं चाहता। असल में चौराहे के इर्दगिर्द कई स्कूल हैं। सबकी छुट्टी एक साथ होने पर शहर की रफ्तार थम जाती है। इसके लिए स्कूलों की छुट्टियों में अंतराल बनाने की तैयारी है। बीते वर्ष जाम से जूझते रहे शहर के पीछे एक कटु अनुभव अफसरों को यह भी रहा है। नववर्ष में इससे निजात पाने की पूरी तैयारी है।

मैन पॉवर से मिलेगी रफ्तार को करंट

पिछले कई सालों से ट्रैफिक विभाग मैन पॉवर की कमी से जूझ रहा है। सरकार ने चालीस हजार नए सिपाहियों की भर्ती का एलान किया है। जाहिर है भारी-भरकम जिला होने के नाते नए मैन-पॉवर में हिस्सेदारी भी बड़ी होगी। मैन-पॉवर बढ़ते ही रफ्तार को हाई-वोल्टेज करंट मिलने की पूरी उम्मीद है।

संसाधनों से आसान होगी मुश्किल

यातायात विभाग में संसाधनों को बहुत दिनों से टोटा था। बीते साल सरकार ने 63 लाख रुपये दिए थे। भारी-भरकम वजट का खर्च जरूरी संसाधनों को जुटाने में हुआ। मोबाइल बैरियर, चैनल इत्यादि ट्रैफिक सामान एवं कर्मियों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचाने को बस एवं टाटा 407 गाड़ी खरीदी गयी है।

सीओ सिटी की रणनीति

शाहजहांपुर : पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर राजेश्वर सिंह ने बताया कि सिटी में यातायात को रफ्तार देने में कई बातें आगामी सत्र में अनुकूल होंगी। यातायात की टूटती सांसों को संसाधनों की संजीवनी मिलेगी। मैन-पॉवर के बढ़ने की पूरी उम्मीद है। बताया कि केरूगंज-पक्कापुल के बीच विशेष तरह का डिवाइडर लगाने जा रहे हैं। डिवाइडर गाड़ियों को गलत राह पर जाने से रोकेंगे तो कभी गाड़ियों की टक्कर भी लगी तो डिवाइडर फिर अपने मूल अवस्था में आ जाएगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.