शहीद नगरी की मेधा ने सूबे में लहराया परचम
शाहजहांपुर : शहीद नगरी की भूमि में देशभक्त के अलावा रंगकर्मी, खिलाड़ी के साथ बाल वैज्ञानिकों की भी
शाहजहांपुर : शहीद नगरी की भूमि में देशभक्त के अलावा रंगकर्मी, खिलाड़ी के साथ बाल वैज्ञानिकों की भी उर्वरा भूमि हो गई है। इसे साबित किया ऋतु वाष्र्णेय ने राज्य स्तरीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी में पहला स्थान पाकर।
सुदामा प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा ऋतु वाष्र्णेय ने राज्य स्तरीय विज्ञान, गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी में पहला स्थान पाया। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद् नई दिल्ली तथा सूबे के शिक्षा विभाग के तहत आयोजित प्रतियोगिता महाबोधि इंटर कॉलेज सारनाथ वाराणसी में 18 से 21 नवंबर के मध्य हुई थी। कक्षा 12 की छात्रा ऋतु को यह उपलब्धि गणितीय कार्यकारी मॉडल वृत्त के चमत्कार, अक्ष के चमत्कार एवं पाई का विश्लेषणात्मक अध्ययन पर पुरातन एवं चिर स्थायी मॉडल पर पुरस्कार प्रदान किया गया है। इसमें विज्ञान एवं गणित में युगांतकारी ऐतिहासिक घटनाओं को सरल विधि से प्रदर्शित किया गया है। एक और खास बात यह है कि एनसीइआरटी ने ऋतु के वैज्ञानिक तथ्यों को प्रकाशन के लिए मांग लिया है। इसके अलावा ऋतु के शोध को स्मारिका में प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
इसी प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय कलान के कक्षा छह में अध्ययनरत अनुपम सक्सेना ने भी प्रतिभाग किया था। अनुपम ने अपशिष्ट प्रबंधन पर मॉडल प्रस्तुत कर जिला तथा मंडल में प्रथम स्थान पाया था।