युवक को गोली मारी, तीन पर केस
शाहजहांपुर : पुरानी रंजिश में एक युवक को उसके रिश्तेदार ने ही रविवार सुबह गोली मार दी। गोली पैर में
शाहजहांपुर : पुरानी रंजिश में एक युवक को उसके रिश्तेदार ने ही रविवार सुबह गोली मार दी। गोली पैर में लगने से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सदर-बाजार पुलिस ने मुख्य आरोपित समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
एमनजई जलानगर निवासी जहीर शाह के पुत्र युनूस की अपने ही रिश्तेदारों से किसी बात को लेकर रंजिश चल रही है। सुबह साढ़े आठ बजे युनूस अपने घर पर मौजूद था। उसके रिश्तेदार जुल्फिकार निवासी कोरो कुइयां थाना सिंधौली, वसीम बरखेड़ा पीलीभीत, मलूका तालगांव थाना निगोही घर पहुंचे। तीनों रिश्तेदारों ने दरवाजे पर से ही युनूस को बुलाने के लिए आवाज लगाई। युनूस बाहर आया तो बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि जुल्फिकार ने युनूस पर निशाना साधते हुए गोली चला दी। गोली पैर पर लगने से युनूस गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे खून से लथपथ देख हमलावर भाग निकले। युनूस को परिवार के लोगों ने घायलावस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित पिता जहीर शाह ने बताया कि विवाद युनूस के ससुरालियों से है। हमलावरों में जुल्फिकार साढ़ू, ममेरा साला मालूक, वसीम ममेरा साला है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।