पति की हत्या कर पत्नी फरार
शाहजहांपुर : दीपावली पर घर आए पति की पत्नी ने गला दबाकर हत्या कर दी। पिता की तहरीर पर आरोपी महिला के
शाहजहांपुर : दीपावली पर घर आए पति की पत्नी ने गला दबाकर हत्या कर दी। पिता की तहरीर पर आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस के मुताबिक हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है, इसकी जांच की जा रही है।
थाना क्षेत्र के गांव गौटिया बागांव निवासी दयाराम का 35 वर्षीय पुत्र गिरीश पत्नी और बच्चों के साथ अलग मकान में रहता था। दिल्ली में रिक्शा चलाने वाला गिरीश दीपावली मनाने सोमवार की सुबह ही घर आया था। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे दयाराम बेटे गिरीश के घर पर गया। उन्होंने पुत्रवधु रेखा से गिरीश के बारे में पूछा तो उसने कमरे में सोने की बात बताई। आवाज देने पर भी गिरीश के जवाब नहीं आने पर उन्होंने बड़ी बहू सुख देवी को कमरे में भेजा। सुखदेवी को गिरीश चारपाई पर मृत अवस्था में मिला। सुखदेवी के चीखने पर दयाराम आदि भी अंदर पहुंचे। गिरीश के गले पर निशान थे। इसी दौरान मौका पाकर रेखा भाग गई। दयाराम ने बताया कि गिरीश और रेखा के बीच आए दिन झगड़ा होता था। सूचना पर एसओ प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने दयाराम से पूछताछ की। एसओ ने बताया कि दयाराम की तहरीर पर गिरीश की पत्नी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होगा।
दीपू से पूछताछ से हो सकता है पर्दाफाश
घटना के पीछे क्या कारण हो सकता है, पुलिस इसके लिए माथापच्ची कर रही है। मृतक गिरीश का बड़ा पुत्र दीपू 11 वर्ष का है। पुलिस उससे पूछताछ करे तो शायद गिरीश की हत्या का राज खुल सकता है।
साथी से हुई थी नोकझोंक
मृतक गिरीश का एक साथी उसके साथ दिल्ली में रिक्शा चलाता था। बताया जा रहा है कि वह एक सप्ताह पूर्व ही दिल्ली से रिक्शा बेचकर भाग आया था। रिक्शा मालिक ने गिरीश से कहा था कि उससे पैसे लेकर आओ। इस बावत सोमवार को गिरीश की उसके साथ नोकझोंक भी हुई थी।