बसपा पत्थरोंवाली तो भाजपा धोखेबाज सरकार
संतकबीर नगर : शनिवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मेहदावल विधानसभा क्षेत्र के कम्हरिया बाग और धनघटा
संतकबीर नगर : शनिवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मेहदावल विधानसभा क्षेत्र के कम्हरिया बाग और धनघटा के बकौली बाग में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बसपा को पत्थरोंवाली सरकार तथा भाजपा को धोखेबाज सरकार बताया। दोनों स्थानों पर अपने भाषण में उन्होंने भाजपा पर जमकर प्रहार किया।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने देश की जनता के साथ छल करने का काम किया। जब लोकसभा का चुनाव चल रहा था उस समय भाजपा ने किसानों से वादा किया कि जब केंद्र में भाजपा की सरकार बनेगी तो विदेशों में जमा कालेधन को अपने देश में लाकर किसानों और गरीबों के खाते में 15 लाख रूपये भेजने का काम करेंगे। केंद्र में भाजपा सरकार बने लगभग ढाई वर्ष से ऊपर का समय बीतने को है किसी भी किसान गरीब के खाते में एक भी रुपया धन नहीं आया। नोटबंदी कर केंद्र सरकार ने लोगों के सामने समस्या खड़ी कर दी। जिन लोगों ने जनधन योजना के तहत खाता खोल कर उसमें अपने गाढ़ी कमाई का पैसा जमा किया उस पैसे को भी निकालने पर पाबंदी लगा दी गई। उन्होंने कहा कोई धन काला सफेद नहीं होता टैक्स जमा कर कमाया गया धन सफेद व टैक्स चोरी वाला धन काला धन होता है। प्रधान मंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि मन की बात तो अब बहुत हो गई अब उन्हें काम की बात करना चाहिए जिससे देश का विकास हो सके। दीपावली और रमजान पर बिजली को लेकर भी उनके ऊपर झूठा आरोप भाजपा लगा रही है। सपा ने सभी त्योहारों पर अधिक बिजली उपलब्ध कराने का कार्य किया है। बसपा पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि बसपा की सरकार केवल पत्थर की मूर्तियों से प्यार करती है प्रदेश में जब बसपा की सरकार थी उस समय लखनऊ में करोड़ों का सरकारी धन खर्च कर जनता के साथ छल कर मूर्ति लगवाने का काम किया जिससे प्रदेश का विकास अवरुद्ध हो गया। अब बुआ को नोट पसंद है न कि प्रदेश का विकास। किसानों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि अगर मेरी सरकार बनी तो कि किसानों के गेहूं का मूल्य और बढ़ाने के साथ ही गरीबों को एक हजार प्रतिमाह की दर से पेंशन देने की व्यवस्था दी जाएगी। मेहदावल के प्रत्याशी जयराम पांडेय, खलीलाबाद के जावेद खां और धनघटा के अलगू प्रसाद चौहान ने जीत मिलने पर क्षेत्र का विकास कराने का वादा किया।