सगी बहनों के साथ छेड़खानी का आरोप
संत कबीर नगर: बखिरा थाना क्षेत्र के ग्राम कोलकी चमरसन में शनिवार की सुबह दो सगी बहनों के साथ गांव के
संत कबीर नगर: बखिरा थाना क्षेत्र के ग्राम कोलकी चमरसन में शनिवार की सुबह दो सगी बहनों के साथ गांव के ही एक युवक द्वारा उस समय छेड़खानी करने का मामला प्रकाश में आया है जब वे पड़ोसी के साथ हो रहे विवाद को रोकने का प्रयास कर रही थीं। इसे लेकर आरोपी उनके घर में घुस गया और अपमानित करने का प्रयास किया। दोनों किशोरियों के शरीर पर दांत से काटने के कारण गहरे जख्म हो गए हैं। पीड़ित बहनों ने थाने में तहरीर दिया है।
थाने में दिए गए तहरीर में कोलकी चमरसन निवासिनी बहनों ने लिखा है कि माता-पिता के मरने के बाद वे अपने छोटे भाई के साथ रहकर मजदूरी करके गुजारा करती हैं। शनिवार की सुबह पड़ोस के एक परिवार के बीच विवाद हो रहा था। हम लोगों ने झगड़ा शांत कराने का प्रयास किया था। यह बात विपक्ष के एक युवक को नागवार लगी और मामला शांत होने के थोड़ी देर बाद वह अपने एक सहयोगी के साथ घर में घुस गया। पहले तो उसने खुशी के सिर पर मारकर घायल कर दिया उसके बाद दोनों ने मिलकर छेड़खानी करने का प्रयास किया। बचाव के दौरान शरीर पर कई स्थानों पर उसने दांत से काट लिया है। चिल्लाने पर पड़ोस के लोगों के आने पर दोनो भाग निकले। तहरीर देने के बावजूद समाचार लिखे जाने तक मुकदमा कायम नहीं हो सका था।