किसी कीमत पर न छूटे नए मतदाता
संत कबीर नगर :15 अक्टूबर से 10 नवंबर तक चलने वाले मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में जनवरी 2015 तक अठ
संत कबीर नगर :15 अक्टूबर से 10 नवंबर तक चलने वाले मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में जनवरी 2015 तक अठारह वर्ष की आयु पूरी करने वाले हर नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। इसके लिए पर्याप्त दस्तावेज लेकर संतुष्ट होने के बाद नाम बढ़ाने के लिए कार्यवाही करने की आवश्यकता होती है। पात्र छूटने न पाएं और अपात्र का नाम शामिल नहीं हो, इसका ध्यान रखा जाना चाहिए।
इस आशय के निर्देश मंगलवार को तहसील सभागार में बीएलओ प्रशिक्षण में उप जिलाधिकारी विनय प्रकाश श्रीवास्तव ने दिए। तहसीलदार अरविंद कुमार ने खलीलाबाद व मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ को निर्धारित तिथियों में किए जाने वाले कार्यो की जानकारी दी। यहां खलीलाबाद विधान सभा के 296 से लेकर अंतिम 460 बूथ तथा मेंहदावल के बूथ संख्या 400 से लेकर 511 तक के बीएलओ को प्रशिक्षण दिया गया।
हमारे मेंहदावल स्थित संवाददाता के अनुसार स्थानीय विकास खंड सभागारमें बीएलओ को प्रशिक्षण देते हुए तहसीलदार इंद्रभान तिवारी ने कहा कि सरकार की मंशा मतदाता सूची को बहुद्देश्यीय बनाने का है। इसके लिए सभी को ध्यान रखकर कार्य करना चाहिए। संशोधन परिवर्धन और अपमार्जन के लिए अलग अलग प्रपत्र हैं, जिन पर फोटो लिए जाने मे कोई ढ़ील नहीं दी जानी चाहिए। लंबे समय से बाहर रहने वाले लोगों के बारे में सूचना देने के लिए भी प्रपत्र निर्धारित है। इस पर विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। यदि किसी मतदाता को पोलिंग बूथ बदलना हो तो भी उसे ठीक कर लेना चाहिए। यही नहीं पूर्व के बूथ से उसका नाम हटा दिया जाए। एक व्यक्ति का नाम एक ही स्थान पर सूची में शामिल किया जाना चाहिए। निर्धारित समय सीमा के अंदर दो दिन तक विशेष अभियान रखा गया है। इस दौरान सभी अपने बूथ पर उपस्थित रहकर कार्य करेंगे। इस दौरान रामबचन शर्मा, अफजाल, विजय कुमार मिश्र, गोपाल बहादुर सिंह, जगदीश यादव, परमहंस प्रसाद, गोपाल सिंह, सुमित्रा देवी, कालिंदी देवी, राम सुमेर समेत अनेक बीएलओ उपस्थित रहे।