दुधारा क्षेत्र में बच्ची के साथ दुष्कर्म
संत कबीर नगर : दुधारा थाना क्षेत्र के ग्राम झकरिया में सोमवार की देर शाम एक सात वर्षीय बच्ची के साथ एक युवक ने दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे सीओ व थानेदार ने मामले की छानबीन की। इस दौरान बच्ची को जिला अस्पताल ले जाया गया जहा दुष्कर्म की पुष्टि हुई। पुलिस ने घटना के आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
मालूम हो कि ग्राम झकरिया निवासी एक सात वर्षीय बच्ची सोमवार की देर शाम अपने घर पर मौजूद थी। घर के अन्य सदस्य किसी कार्यवश बाहर गए हुए थे। बच्ची को अकेला देख गाव के ही एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। बाद में बच्ची की चीख सुन आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़े तो युवक भागने लगा। ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया।
इस बीच घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। अपर पुलिस अधीक्षक डा. मनोज कुमार व क्षेत्राधिकारी अरविन्द वर्मा मौके पर पहुंच लड़के से पूछताछ कर रहे थे। बच्ची का पुलिस ने जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही हैं। समाचार लिखने तक इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था।