अजगइबा घाट पुल का ग्रिल काट ले गए चोर
संत कबीर नगर :कोतवाली क्षेत्र के अजगइबा घाट पर आमी नदी को पार करके गोरखपुर जनपद में जाने के लिए बने पुल पर लगे ग्रिल को चोर काट कर उठा ले गए हैं। इससे ग्रामीणों के नदी में गिरने का खतरा हमेशा बना रहता है। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन विभाग द्वारा कार्रवाई नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के नौहट गांव से कुछ दूरी पर आमी नदी बहती है। इस नदी को पार करके गोरखपुर जनपद में प्रवेश किया जाता है। इस अजगइबा घाट पर सौ मीटर से अधिक का पुल बना हुआ है। यह पुल गोरखपुर व संत कबीर नगर जिले को विभाजित करता है। इस पुल का आधा हिस्सा गोरखपुर व आधा हिस्सा संत कबीर नगर जिले में पड़ता है। इस पुल पर सुरक्षा की दृष्टिकोण से दोनों तरफ लोहे का ग्रिल लगाया गया है। कुछ दिन पूर्व इस लोहे के ग्रिल को चोर काट कर उठा ले गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, लेकिन इस पर आज तक कोई भी कार्रवाई नही की गई। ग्रामीणों का कहना है कि चोरों द्वारा पुल पर लगे ग्रिल को काफी दिनों से रात में काटा जाता है। इस वाहन पर लोड करके इसे उठा ले जाने का कार्य किया जाता है। पुल पर लगे आधे से ज्यादा ग्रिल को चोर काटकर उठा ले गए हैं। अगर इस पर पुलिस विभाग सक्रिय नही हुआ तो आने वाले दिनों में एक भी ग्रिल नही बचेगा। ग्रिल के न रहने पर ग्रामीणों के लिए बहुत बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि ग्रिल न रहने से जानवर व बच्चों के नदी में गिरने का भय हमेशा सताता रहता है।