कांग्रेस जिला कमेटी का गठन शीघ्र: जोशी
जागरण संवाददाता, संत कबीर नगर :
देश में जब से भाजपा की सरकार बनी है, आम जनता पर मंहगाई की मार पड़ गई है। चुनाव के पूर्व भाजपा द्वारा किए गए वादे हवा हवाई साबित हो रहे हैं। जल्द ही जिले में कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का गठन कर लिया जाएगा।
उक्त बातें आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सचिव व प्रदेश सह प्रभारी प्रकाश जोशी व कोआर्डिनेटर बीरेंद्र चौधरी ने सोमवार को एक होटल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं। जिला कार्यकारिणी के गठन व लोकसभा चुनाव में हार के कारणों पर पार्टी नेताओं से बातचीत करने आए श्री जोशी ने बताया कि लोक सभा चुनाव परिणाम के बाद सभी प्रदेश, जिला व ब्लाक कार्यकारिणी इकाई भंग कर दी गई थी। संगठन को पुन खड़ा करने के लिए सभी जिलों में कार्यकर्ताओं से बात करके जल्द ही कार्यकारिणी की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बीता लोक सभा चुनाव हर चुनाव से अलग था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा तमाम महत्वपूर्ण योजनाओं को संचालित किया गया, लेकिन प्रचार प्रसार के अभाव में इस योजना का लाभ जनता तक नही पहुंचा। पार्टी की हार के पीछे यह एक महत्वपूर्ण कारण है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में भाजपा की नही मोदी पार्टी की सरकार चल रही है। नरेंद्र मोदी ने पहले गुजरात प्रदेश पर तानाशाही रवैया अपनाया, अब देश पर अपना रहे हैं। भाजपा पर कब्जा करने के लिए दागदार अमित शाह जैसे व्यक्ति को अध्यक्ष बनाया गया है। राहुल हटाओ, प्रियंका लाओ के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी सोनिया गांधी व राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही है। इस तरह का नारा किसी का व्यक्तिगत मामला हो सकता है।