बाइक सवार ने दिनदहाड़े महिला के गले से उड़ाई चेन
जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर : महुली थाना क्षेत्र के ग्राम विश्वनाथपुर के निकट धनघटा- खलीलाबाद मार्ग पर बाइक सवार एक बदमाश रविवार को पैदल जा रही महिला के गले से सोने की चेन खींच कर फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने पुलिसिया व्यवस्था की पोल खोल दी है। घटना की सूचना महिला ने थाने पर दे दी हैं। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था।
जानकारी के अनुसार कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के मैनसिर निवासी मुटुरा देवी पत्नी श्रीपत रविवार की सुबह अपने घर से विश्वनाथपुर जा रही थी। जैसे ही वह घोरही बोरिंग के पास पहुंची तो पीछे से एक बाइक सवार ने महिला को रास्ते में रोक कर गाड़ी पर जबरिया बैठाना चाहा तो उक्त महिला ने इसका विरोध किया। इस दौरान मौका पाते ही बदमाश महिला के गले की चेन खींच कर फरार हो गया। महिला जब तक शोर मचाती तब तक बदमाश काफी दूर निकल गया। पीड़ित महिला ने घटना की सूचना थाने पर दे दी है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था। महुली पुलिस ने घटना से अनभिज्ञता जतायी है।