सात साल बाद उपस्वास्थ्य केंद्र का खुला ताला
सम्भल। लोहिया गांव मोहम्मदपुर मालनी में बना उप स्वास्थ्य केन्द्र का अभी तक ताला ही नहीं खुला जबकि उपकेन्द्र को बने हुए सात साल से ज्यादा हो गया। उपकेन्द्र की देखरेख न होने के कारण जर्जर हालत में पहुंच गया है। साथ ही उप स्वास्थ्य केन्द्र न खुलने से लोग चिकित्सीय सुविधाओं से वंचित हो जा रहे है। दैनिक जागरण में बंद पड़े उप स्वास्थ्य केन्द्र की प्रमुखता से खबर छपी तब जाकर स्वास्थ्य विभाग जागा और स्वास्थ्य केन्द्र का ताला खोलवाया गया।
यहां बता दें कि मोहम्मदपुर मालनी लोहिया गांव है। इसके बाद भी यहां रहने वाले लोगों को चिकित्सीय सुविधा नहीं मिल पा रही है। गांव में लाखों की लागत से सात साल पहले उप स्वास्थ्य केन्द्र बना दिया गया लेकिन आज तक यहां का न तो ताला खुला और न ही स्टाफ की तैनाती की गयी। जिसके चलते गांव में उप स्वास्थ्य केन्द्र होने के बाद भी ग्रामीणों को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों की इस समस्या को दैनिक जागरण ने प्रमुख से छापा कि स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते सात साल उप स्वास्थ्य केन्द्र का ताला नहीं खुला। खबर रंग लाई और बुधवार को उप स्वास्थ्य केन्द्र का ताला खोल दिया गया। यहां पर एएनएम ने अस्पताल परिसर की सफाई कराई और वहीं पर बैठकर बच्चों का टीकाकरण भी किया। उप स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सीय काम शुरु होने पर ग्रामीण वासियों ने खुशी जतायी।