छह पर पारा, सूरज हारा
सहारनपुर : सोमवार को हुई बारिश से एकाएक ठंड बढ़ गई। बारिश रुकी तो शीतलहर ने लोगों को अपने घरों में द
सहारनपुर : सोमवार को हुई बारिश से एकाएक ठंड बढ़ गई। बारिश रुकी तो शीतलहर ने लोगों को अपने घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। इससे बाजारों में सन्नाटा पसर गया।
सोमवार को सहारनपुर जनपद का अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रविवार को यह तापमान 20 डिग्री सेल्सियस था। न्यूनतम तापमान रविवार को चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सोमवार को वह 6 डिग्री सेल्सियस हो गया। सुबह के समय हुई बारिश से ठंड बढ़ गई, जिससे लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर रहे। मौसम वैज्ञानिक राकेश बहादुर के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में परिवर्तन आया है। 18 जनवरी तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।
रैन बसेरा की हालत पतली
नगर निगम के महाराजा अग्रसेन चौक पर संचालित रैन बसरे पर बरसात का असर रहा। यहां सफाई व्यवस्था बेहतर न होने से लोग परेशान रहे। शारदा नगर में सड़क पर बने गड्ढों में पानी भरने के कारण कई वाहन भी फिसले।
कृषि वैज्ञानिक व जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक डा. सत्यप्रकाश के अनुसार, जहां ओलावृष्टि नहीं हुई है, वहां के लिए बारिश फायदेमंद साबित होगी। यह बारिश फसलों के लिए जरूरी थी।