Move to Jagran APP

मौसम ने ओढ़ी कोहरे की चादर, पारा धड़ाम

सहारनपुर : सर्दी के मौसम ने जोर पकड़ अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को मौसम पूरी तरह से कोह

By Edited By: Published: Tue, 06 Dec 2016 10:07 PM (IST)Updated: Tue, 06 Dec 2016 10:07 PM (IST)
मौसम ने ओढ़ी कोहरे की चादर, पारा धड़ाम

सहारनपुर : सर्दी के मौसम ने जोर पकड़ अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को मौसम पूरी तरह से कोहरे की चादर में लिपटा रहा। कोहरे के कारण नगर और देहात के लोगों की दिनचर्या देर से शुरू हो सकी। लोग सड़कों पर गर्म कपड़ों से लदे नजर आए। दोपहर 12 बजे के बाद एक बार को सूर्य देव के दर्शन जरूर हुए, लेकिन कुछ ही देर बाद वो भी बादलों के आगोश में समा गए। तापमान में भारी गिरावट होने के कारण पूरे दिन लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल सकी।

loksabha election banner

कुछ दिन पहले मौसम वैज्ञानिक राकेश बहादुर ने अगले कुछ दिनों में ठंड के और अधिक बढ़ने की आशंका जताई थी। आशंका के अनुरूप मंगलवार सुबह चार बजे से ही कोहरा पड़ना शुरू हो गया। सुबह छह बजे तक कोहरा इतना अधिक हो गया कि लोगों को कुछ भी नजर नहीं आ रहा था। उधर, मौसम में भी मंगलवार को काफी ठंडक थी। तापमान में भी तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया था, जो मंगलवार को गिरकर 6 डिग्री तक पहुंच गया। पारे में तीन अंकों की गिरावट के कारण दिन भर ठंड ने लोगों को कोई राहत नहीं दी। लोग सुबह से पूरी तरह गर्म कपड़ों में लदे नजर आए। कई स्थानों पर लोगों को अलाव जलाकर हाथ सेंकते देखा गया। कोहरे के कारण लोग देर सुबह तक घरों में कैद रहे तो कई ऐसे युवा भी थे जो कोहरे में सर्दी का आनंद लेते शहर की सड़कों पर देखे गए। करीब 12 बजे सूर्य देवता के दर्शन हुए, लेकिन कुछ देर बाद ही बादलों ने उन्हें आगोश में ले लिया। शाम को भी ठंड के कारण जल्द ही लोग घरों में दुबक गए। छह बजे ही सड़कों पर अंधेरा छा गया था। शाम तक बाजारों में सन्नाटा सा पसरा रहा।

उधर, गंगोह और बेहट में भी ठंड का असर दिखाई दिया। घने कोहरे ने पूरे दिन क्षेत्र को अपनी चपेट में लिए रखा, जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। लोगों को दिन में ही वाहनों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। कोहरे का असर बाजार पर भी दिखाई दिया। ग्राहक न होने से दुकानदार खाली बैठे रहे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.