नासूर बने जाम से नहीं मिल रही मुक्ति
सहारनपुर : शहर का नासूर बन चुके जाम से नागरिकों को मुक्ति मिलती नजर नहीं आ रही है। अतिक्रमण के चलते
सहारनपुर : शहर का नासूर बन चुके जाम से नागरिकों को मुक्ति मिलती नजर नहीं आ रही है। अतिक्रमण के चलते सड़के संकरी हो गई है। कई स्थानों पर तो पैदल चलना भी दुश्वार हो रहा है। शुक्रवार को शहर के बाजोरिया रोड पर ऐसा जाम लगा कि जाम में फंसे लोग त्राहिमाम कर उठे।
अतिक्रमण शहर की हर मुख्य सड़क को अपनी चपेट में ले चुका है। दुकानदार सड़कों पर कई-कई फीट तक सामान रखकर अतिक्रमण कर रहे हैं। इतना ही नहीं रही सही कसर दुकानों के सामने खड़ी होने वाले ठेली व रेहड़े पूरी कर रहे हैं। शहर का कोई भी चौराहा ऐसा नहीं है जो अतिक्रमण की चपेट में न हो। शहर के प्रमुख चौराहा घंटाघर की स्थिति तो बद से बदतर हो गई है। घंटाघर पर सड़क पर दुकानें चल रही है। यहां पर ट्रैफिक पुलिस की मिलीभगत से सड़कों पर आटो व ई-रिक्शा का कब्जा है। कमोबेश यही स्थिति बाजोरिया रोड की भी है। इस रोड पर सड़कों पर जहां ठेली वालों का राज है, वहीं दूसरी ओर सड़क पर आड़े-तिरछे वाहन भी जाम का कारण बन रहे हैं। शुक्रवार को बाजोरिया रोड पर लगे जाम में फंसे लोग त्राहिमाम कर उठे। इतना ही नहीं जाम में जहां स्कूली बस फंसी रही, वहीं मरीजों को ले जा रही कई एंबूलेंस भी फंसी रही। कई घंटे बाद जाम खुल सका। जाम खुलने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
शुरू होने से पहले ही दम तोड़ गया अभियान
शहर के प्रमुख चौराहे घंटाघर से दो हाइवे गुजरते है। एक दिल्ली यमुनोत्री मार्ग राजकीय राज मार्ग तथा दूसरा देहरादून अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग। इसके अलावा 5 प्रमुख मार्ग यहां स्थित है, जिसमें प्रमुख बाजार नेहरू मार्किट को जाने वाला भगत सिंह मार्ग, जिला अस्पताल जाने वाले देहरादून रोड, रेलवे रोड, कोर्ट जाने वाला सोफिया मार्किट रोड तथा अंबाला जाने वाला अंबाला रोड शामिल है। कमोबेश यह स्थित शहर के हर चौराहे की है। हाल ही में पुलिस-प्रशासन ने शहर के तीन चौराहों को चिन्हित कर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का निर्णय लिया था, लेकिन यह अभियान भी शुरू होने से पहले भी दम तोड़ गया।
नो एंट्री में धड़ल्ले से घुस रहे वाहन
ट्रैफिक पुलिस की मिलीभगत से जहां घंटाघर पर सड़क पर ही ऑटो स्टेंड चल रहा है, वहीं दूसरी ओर नो एंट्री में घुसने वाले ओवरलोड वाहन व बसे भी जाम का सबब बन रहीं है। यातायात पुलिस नो एंट्री में घुसने वाले वाहनों को रोकने में फेल साबित हो रही है।