अनुमति के बिना काटी जा रहीं अवैध कालोनियां
सहारनपुर : सहारनपुर विकास प्राधिकरण की लचर नीतियों के कारण अनाधिकृत कालोनियां काटे जाने तथा अवैध निर
सहारनपुर : सहारनपुर विकास प्राधिकरण की लचर नीतियों के कारण अनाधिकृत कालोनियां काटे जाने तथा अवैध निर्माणों का धंधा चरम पर है। स्थिति यह है कि सैकड़ों की संख्या में अवैध कालोनियां खड़ी होने के बावजूद वर्तमान में भी कई क्षेत्रों में अनाधिकृत कालोनियां बेरोकटोक धड़ल्ले से काटी जा रही हैं।
बता दें की सहारनपुर महानगर क्षेत्र में ही अब 260 से अधिक अवैध कालोनियों को चिह्नित किया गया है। इनपर कार्रवाई तो दूर आज तक यहां होने वाले निर्माण कार्यो पर रोक तक लगाने की पहल नहीं की गई। परिणाम यह है कि अनाधिकृत कालोनियां तेजी से विकसित होने के साथ ही अब यहां के बाशिंदे नगर निगम से मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का दबाव बनाने में लगे हैं। उधर शासन के स्पष्ट आदेश हैं कि अनाधिकृत कालोनियों में किसी भी प्रकार का विकास कार्य नहीं कराया जाए, साथ ही यहां बिजली-पानी के कनेक्शन भी न दिए जाएं। यही नहीं जनप्रतिनिधि भी इन कालोनियों में विधायक व सांसद निधि से विकास नहीं करा सकते हैं। फिर भी नई अवैध कालोनियों के निर्माण पर रोक नहीं लगाई जा रही है।
यहां काटी जा रहीं अवैध कालोनियां
पेपर मिल रोड स्थित कांशीराम कालोनी की बगल में सैकड़ों बीघा जमीन में अवैध कालोनी का निर्माण खुलेआम चल रहा है। यही नहीं यहां तो एक बैंक्वेट हाल का निर्माण पूरा होने के साथ ही प्लाटिंग की जा रही है। दूसरा मल्हीपुर रोड स्थित बाहुबली एन्कलेव के पास जहां अवैध कालोनी पर प्राधिकरण ने पिछले दिनों ही बुलडोजर चलाया था, अवैध प्लाटिंग व निर्माण फिर से शुरू हो गया है। इसके अलावा ढोली खाल मुख्य मार्ग पर ही बड़े शापिंग कांप्लेक्स का निर्माण धड़ल्ले से जारी है।
अवैध निर्माणों पर रोक नहीं
सहारनपुर की करीब 3 दर्जन अनाधिकृत कालोनियों में अवैध निर्माण तेजी से किया जा रहा है। खास बात यह है कि ये सभी कालोनियां प्राधिकरण द्वारा चिह्नित हैं, इसके बावजूद अवैध निर्माणों पर किसी प्रकार की रोक नहीं लगाई जा रही है। इन कालोनियों में हशमत कालोनी, इस्लाम नगर कालोनी, एकता कालोनी, नदीम कालोनी, 62 फुटा रोड के अलावा दिल्ली व अंबाला तथा पेपर मिल रोड की कई कालोनियां शामिल हैं।
अधिकारी कहिन.
विकास प्राधिकरण का अवैध कालोनियों के विरुद्ध अभियान जारी है तथा ध्वस्तीकरण के अलावा सख्त कार्रवाई की जाएगी। अवैध निर्माण में कौन अधिकारी व कर्मचारी भागीदारी है, इसकी जांच कराकर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-वेद प्रकाश सिंह
उपाध्यक्ष, सहारनपुर विकास प्राधिकरण।