सहारनपुर पीड़ितों की मदद
सहारनपुर : 26 जुलाई को सहारनपुर में हुए दंगे में बरबाद हुए दंगा पीड़ितों के दर्द को कम करने के लिए अब समाजिक संस्थाओं ने मदद के हाथ बढ़ाने शुरू कर दिये है। यूनाइटेड किंगडम बेस खालसा ऐड इंडिया संस्था दंगे में अपनी दुकान खो चुके व्यापारियों की दुकानों की मरम्मत करा उनकी मदद कर रही है। अंबाला रोड़ स्थित एक होलट के सभागार में प्रेसवार्ता में पत्रकारों से बातचीत के दौरान संस्था के भारतीय शाखा के मैनेजिंग डायरेक्टर अमरप्रीत सिंह ने बताया कि उनकी संस्था ने दंगे के बाद अपना प्रतिनिधिमंडल भेजकर दंगे में बर्बाद हुए व्यापारियों को आर्थिक मदद देने का आश्वासन दिया था। संस्था की ओर से एक टीम ने महानगर में बर्बाद हुई दुकानों की मरम्मत का काम शुरू कराया। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा दंगे में आगजनी का शिकार हुई 40 दुकानों को चिंहित कर दुकानों में मरम्मत पेंट, बिजली की फिटिंग, शाइन बोर्ड आदि का कार्य कराया जा रहा है। हरप्रीत सिंह ने बताया कि अभी तक संस्था ने 16 दुकानों का काम पूरा करा दिया है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि संस्था किसी विशेष समुदाय के व्यापारियों की ही मदद नहीं करेगी उनकी संस्था दंगे के शिकार सभी समुदायों के व्यापारियों की दुकानों की मरम्मत करेगी। प्रेसवार्ता में टीम के अन्य सदस्य दमनजीत सिंह, गुरकीरत सिंह, पुनीत सिंह, गुरप्रीत सिंह के साथ एमपी सिंह चावला व दलजीत सिंह कोचर आदि मौजूद रहे।