आज शहर में होगा ज्ञान-विज्ञान का संगम
सहारनपुर : सहारनपुर पुस्तक मेले में ज्ञान, विज्ञान के साथ-साथ चर्चित पुस्तकें पाठकों को सुलभ होंगी। मेले में कई जाने-माने लेखक शामिल होंगे। पाठकों व दर्शकों को कई प्रतियोगिताओं में भागीदारी का मौका मिलेगा।
गुरुवार को घंटाघर स्थित एक होटल में पुस्तक मेले के बारे में पत्रकारों को जानकारी देते हुए राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक अरिमर्दन सिंह गौर ने कहा गांधी पार्क में होने वालायह मेला सहारनपुर के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। पश्चिमी उप्र में यह पहला ऐसा प्रयास है जिसमें हर वर्ग की रूचि को ध्यान में रखते हुए पुस्तकों का चयन किया गया है। मेले में 36 प्रकाशकों ने अपनी स्वीकृति दे दी है। सहारनपुर साहित्य नामक स्टाल में जिले के 50 से अधिक लेखकों की पुस्तकें सुलभ होंगी। रमसा, सृजन प्रकाश व नगर निगम के सहयोग से होने वाला मेला बिना किसी सरकारी मदद के कराया जा रहा है।
बारू की 'द एक्सिडेंटल प्राइम मिनिस्टर' भी रहेगी स्टाल्स पर मौजूद
श्री गौर ने बताया कि मेले में प्रधानमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार संजय बारू की पुस्तक 'द एक्सिडेंटल प्राइम मिनिस्टर' भी पाठकों को सुलभ होगी। नगर निगम के उप नगर आयुक्त बी.बी बैनर्जी ने बताया कि मेले में ई-बुक्स का डिस्प्ले भी किया जाएगा।
मनीष कच्छल व दानिश आजम ने बताया कि मेले में हिन्दी, अंग्रेजी, उर्दू व अन्य क्षेत्रीय भाषाओं की पुस्तकों का समावेश रहेगा। इस दौरान अजय सिंघल, राजीव उपाध्याय, संदीप शर्मा आदि उपस्थित रहे।