हादसे के घायल मासूम को खाई में छोड़ गई एंबुलेंस
रामपुर: मिलक में हादसे में घायलों को लेने गई एंबुलेंस सड़क किनारे खाई में गिरे मासूम को छोड़ आई। बाद म
रामपुर: मिलक में हादसे में घायलों को लेने गई एंबुलेंस सड़क किनारे खाई में गिरे मासूम को छोड़ आई। बाद में मासूम रोता-बिलखता डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर नगर पहुंचा। परिजन उसे अपने साथ ले गए। बरेली जिले के फतेहगंज थाना के गांव खानपुर निवासी माखनलाल नगर में किसी रिश्तेदारी में आए थे। रविवार शाम छह बजे वह बाइक से वापस घर लौट रहे थे। बाइक पर उनके पीछे पत्नी और छह वर्षीय पुत्र अजय बैठा था। क्योरार बाइपास हाइवे के मोड़ पर सामने आ रहे रिक्शे से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने पर बाइक पर सवार उछलकर दूर जा गिरे और घायल हो गए। हादसे में घायल होकर माखनलाल और उनकी पत्नी बेहोश हो गईं। इसी दौरान अजय सड़क किनारे खाई में जा गिरा। वहीं रिक्शे पर बैठे क्योरार निवासी शराफत, उसकी पत्नी जमीलन और पुत्र मेहराब घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस शराफत, मेहराब, जमीलन, माखनलाल और उनकी पत्नी को लेकर सरकारी अस्पताल ले गई। सड़क किनारे घायलावस्था में पड़े अजय की ओर किसी का ध्यान नहीं गया। अजय घायलावस्था में सड़क पर रोता देखकर लोगों ने उसे सरकारी अस्पताल जाने का रास्ता बताया। अस्पताल में होश आने पर माखनलाल ने अपने बेटे अजय के बारे में पूछा। अस्पताल के कर्मचारियों ने अजय को अस्पताल न लाया जाना बताया। माखनलाल अजय को खोजने निकल पड़ा। अजय करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर साढ़े सात बजे नगर पहुंचा। उसे ढूंढ रहे माखनलाल को वह तीन बत्ती चौराहे पर रोते हुए मिला। अजय के मिलने पर माखनलाल और उनकी पत्नी ने राहत की सांस ली। तीनों रात को ही बस पकड़ घर चले गए।