जान लेवा हमले में सभासद पति को भेजा जेल
तमंचा और ढाई किलो चरस बरामद, महिलाओं ने किया पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन जागरण संवाददाता, रामपुर : जान
तमंचा और ढाई किलो चरस बरामद, महिलाओं ने किया पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, रामपुर : जान लेवा हमले में गिरफ्तार सभासद पति राजू कुरैशी को कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने उसे शनिवार को गिरफ्तार किया था। बाद में उसकी निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया। पुलिस को उसके पास से ढाई किलो चरस भी मिली। उधर, सभासद पति के परिवार की महिलाओं ने पुलिस कार्रवाई के विरोध में सिविल लाइंस थाने के बाहर प्रदर्शन किया। सीओ सिटी आले हसन खां ने बताया कि मुहल्ला बजरिया खानसामा निवासी सभासद पति राजू कुरैशी शातिर बदमाश है। उसके खिलाफ 23 मुकदमे दर्ज हैं, जिसमें दो हत्या के हैं। इसके अलावा जान लेवा हमले, धोखाधड़ी, गुंडा एक्ट, एनडीपीएस एक्ट आदि धाराओं में हैं। कुछ समय पहले सभासद पति ने अपने दो अन्य साथियों मुहल्ला बाजोड़ी टोला का मोहम्मद जमाल और सैजनी नानकार निवासी शन्नू की मदद से मुहल्ला झंडा निवासी राशिद के साथ 18 लाख की धोखाधड़ी की। तीनों ने 18 लाख का प्लाट उन्हें बेच दिया। जब वह प्लाट पर कब्जा लेने गए तो पता चला कि उक्त प्लाट वर्ष 2007 में शबनम नाम की किसी महिला को पहले ही बेच चुके थे। महिला का उस पर कब्जा भी है। इस पर राशिद ने आरोपियों ने अपने रुपये लौटाने को कहा तो 16 सितंबर को रुपये देना तय हुआ, लेकिन निर्धारित समय पर रुपये नहीं लौटा, जिस पर राशिद ने तीनों के खिलाफ थाना गंज में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करा दिया। इस मुकदमे में आरोपी सभासद पति हाईकोर्ट से गिरफ्तारी स्टे ले आया। इसके बाद उसने राशिद पर रुपये वापस लौटाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इंकार करने पर तीन अक्टूबर को
सभासद पति और जमाल खां ने राशिद को माला रोड पर घेर लिया। तमंचे से फायर किए, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। इस घटना की रिपोर्ट राशिद ने कोतवाली में दर्ज कराई। दोनों आरोपी थाना गंज क्षेत्र के होने पर गिरफ्तारी तहरीर गंज पुलिस को दी गई, जिस पर गंज पुलिस ने शनिवार को सभासद पति को अपराहन सवा दो बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में सभासद पति ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तमंचा और ढाई किलो चरस भी बरामद की। उधर, सभासद पति के परिवार की महिलाओं ने रविवार को भी पुलिस की कार्रवाई का विरोध जताया। महिलाएं इकट्ठा होकर सिविल लाइंस थाने पहुंच गईं। सीओ सिटी से मिलने की जिद करने लगी। महिलाओं का कहना था कि पुलिस ज्यादती कर रही है। सभासद पति को फर्जी मुकदमे में फंसाया जा रहा है। अब पुलिस उनसे मिलने भी नहीं दे रही। थाने में तैनात महिला पुलिस कर्मियों ने उन्हें शांत कर किया। महिलाओं ने सिविल लाइंस थाने के बाहर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। सीओ सिटी के न मिलने पर महिलाएं वापस लौट गईं। बाद में एसपी आवास भी गईं।