डीजे पर डांस को लेकर किशोर की हत्या
रामपुर। शादी में डीजे पर डांस को लेकर जिले में एक और हत्या हो गई। पटवाई थाना क्षेत्र में डीजे मालिक
रामपुर। शादी में डीजे पर डांस को लेकर जिले में एक और हत्या हो गई। पटवाई थाना क्षेत्र में डीजे मालिक ने दूल्हे के तहेरे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने डीजे संचालक और उसके दो बेटों समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। चार दिन में डीजे के विवाद में यह दूसरी हत्या है। इससे पहले सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ जवान के बेटे की डीजे मालिक से विवाद के बाद गोली मारकर हत्या की गई थी।
थाना पटवाई अंतर्गत ग्राम मझरा मढौली निवासी रामसिंह के बेटे मनवीर की रविवार को रुद्रपुर उत्तराखंड बारात जानी थी। शनिवार को गांव में शादी की दावत हुई। दावत के लिए टैंट और डीजे लगाया गया। रात भर दूल्हा, उसके दोस्त और रिश्तेदार डीजे पर डांस करते रहे। इस दौरान डीजे मालिक से पसंद का गाना बजाने को लेकर विवाद हो गया। दोनों एक ही बिरादरी के होने के चलते बड़ों ने मामला निपटा दिया। रविवार सुबह डीजे मालिक अपने पैसे और सामान लेकर चला गया। सामान रखकर सुबह साढ़े सात बजे वह दोबारा अपने साथियों को लेकर वापस आया और दूल्हे को मारने के लिए ढूंढने लगा। दूल्हे के परिजनों ने विरोध किया तो उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे दूल्हे के पिता और मूंढापांडे निवासी एक रिश्तेदार घायल हो गए। हमलावर घर में घुसने लगे। इसी दौरान दूल्हे का तहेरे भाई 15 वर्षीय पप्पू आ गया। उसने घर में घुसने पर नाराजगी जताई तो आरोपियों ने उसे तमंचे से गोली मार दी। गोली गर्दन में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से शादी के घर में चीख पुकार मच गई। हमलावर फरार हो गए। सूचना पर पटवाई पुलिस गांव पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
पटवाई थाना प्रभारी महेश प्रसाद ने बताया कि मृतक पप्पू के पिता नहीं हैं। उसके चाचा राम सिंह की ओर से डीजे मालिक आनंदी, उसके बेटे भीकम, जोगिंदर और एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी पटवाई थाना क्षेत्र के ही मिलक निब्बी गांव के हैं। उनका डीजे और टैंट हाउस सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के पंजाबनगर गांव में है। सिविल लाइंस पुलिस ने भी सूचना के बाद पंजाबनगर गांव में दबिश दी। कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है।
मातम में बदल गई शादी की खुशियां
पटवाई के ग्राम मझरा मढौली में रामसिंह के घर रविवार शाम पांच बजे बेटे की बारात जानी थी। सभी लोग बारात की तैयारियों में थे। हंसी खुशी का माहौल था, लेकिन मामूली विवाद ने रामसिंह के भतीजे की जान ले ली। इसके बाद शादी के घर में मातम छा गया। चूंकि बारात की सभी तैयारियां हो चुकी थी, इसलिए शाम को रामसिंह चंद लोगों के साथ बेटे की बारात लेकर रुद्रपुर चले गए। बाकी लोग मृतक के अंतिम संस्कार की तैयारियों के लिए रुक गए। थाना प्रभारी महेश चंद ने बताया कि शाम पांच बजे तक शव का पोस्टमार्टम हो सकेगा।
टैंट का सामान खुद छोड़कर आया था पप्पू
मझरा मंढौली गांव का 15 वर्षीय पप्पू पुत्र काले अपने चचेरे भाई मनवीर की शादी को लेकर बेहद खुश था। वह कई रोज से तैयारियों में लगा था। शनिवार पूरी रात वह डीजे पर डांस करता रहा। रविवार सुबह टैंट और डीजे का सामान खुद पंजाबनगर तक छोड़ने गया था। वहां से वापस लौटा और उसके पीछे-पीछे डीजे मालिक अपने बेटों के साथ आ गया। मनवीर को मारने के लिए ढूंढने लगा। उसने पप्पू से दूल्हे के बारे में पूछा। चचेरे भाई मनवीर को बचाने के लिए पप्पू ने झूठ बोल दिया कि दूल्हा घर पर नहीं है। इसी पर डीजे मालिक ने उसे गोली मार दी।
हत्या की वजह बन रहा डीजे
खुशी के मौके पर बजने वाला डीजे जिले में हत्या की वजह बनता जा रहा है। चार दिन में दो हत्याएं डीजे पर अपनी पसंद के गाने बजाने और डांस करने को लेकर हो चुकी हैं। दोनों मामलों में डीजे मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
रोजी रोटी कमाने का जरिया बना डीजे अब विवाद की जड़ बन गया है। डीजे संचालक पसंद का गाना बजाने को लेकर होने वाले मामूली विवाद में लोगों की हत्या कर रहे हैं। बुधवार को सीआरपीएफ कालोनी में शादी समारोह में डीजे मालिक ने सीआरपीएफ जवान दिनेश सिंह बिष्ट के 21 वर्षीय बेटे विक्रम सिंह बिष्ट की इसी बात पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। विक्रम का डीजे मालिक से पसंद का गाना बजाने को विवाद हुआ था। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। खास बात यह रही कि इस मामूली विवाद में सीआरपीएफ का हवलदार राजीव कुमार और उसका बेटा राहुल भी शामिल था। हवलदार ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से गोली चलाई, जिससे विक्रम की मौत हो गई। दूसरी घटना रविवार को पटवाई थाना क्षेत्र के मझरा मढौली में हो गई। यहां भी शनिवार रात शादी से पूर्व दावत में डीजे लगाया गया था, जहां पसंद का गाना बजाने को लेकर डीजे संचालक से विवाद हो गया था।