उत्तर प्रदेश में बनेगी भाजपा की सरकार : संतोष
रामपुर । केन्द्रीय वस्त्र राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार संतोष गंगवार ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव क
रामपुर । केन्द्रीय वस्त्र राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार संतोष गंगवार ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनेगी। वह भाजपा जिला मंत्री दिलीप सक्सेना के कृष्णा बिहार स्थित आवास पर बोल रहे थे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास की रफ्तार धीमी हो गई है। कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। पीड़ितों की थानों में सुनवाई नहीं हो रही है। गुंडे बेलगाम हैं और दिनदहाड़े आपराधिक वारदातें हो रही हैं। ऐसे में अब जनता भाजपा की ओर देख रही है। जनता ने जिस तरह लोकसभा चुनाव में भाजपा का साथ दिया है, उसी तरह आगामी विधानसभा चुनाव में भी भाजपा का साथ देगी। विधानसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनना तय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की। कहा कि केन्द्र सरकार देश को विकास की नई ऊंचाइयों पर लेकर जा रही है। महंगाई का ग्राफ भी नीचे आ गया है। कहा कि किसानों के हित में केन्द्र सरकार हरसंभव कदम उठाएगी। इस अवसर पर पूर्व मंत्री शिव बहादुर सक्सेना, जिलाध्यक्ष बल्देव औलख, हंसराज पप्पू, अजय तिवारी, अनुज सक्सेना, अर्जित सक्सेना, प्रदीप गुप्ता आदि उपस्थित रहे।