यज्ञ पूजन और कन्याएं जिमाकर खोला उपवास
रामपुर । मां सिद्धिदात्री का आह्वान करते हुए यज्ञ में आहुतियां दी और पूजन के बाद कन्याओं को जिमाया।
रामपुर । मां सिद्धिदात्री का आह्वान करते हुए यज्ञ में आहुतियां दी और पूजन के बाद कन्याओं को जिमाया। फिर प्रसाद ग्रहण कर उपवास खोला। नवरात्र की नवमी को मंदिरों और घरों में विशेष पूजन हुआ। मंदिरों में भण्डारा हुआ। जगह-जगह हुए धार्मिक अनुष्ठान से माहौल माता की भक्ति में डूबा रहा।
चैत्र नवरात्र का विधान पूरा करने के लिए भक्तों में आस्था का सैलाब उमड़ा रहा। सुबह से ही गली मुहल्लों में पूजन और कन्याएं जिमाने का दौर शुरू हो गया। देवी मंत्रों का उच्चारण कर माता रानी का आह्वान किया। पूर्णाहुति में विश्व कल्याण और समाज में शांति, सुख की मंगल प्रार्थना की। इसके बाद कन्याओं को देवी का स्वरूप मानकर पूजा गया। चरणों पूज कर माथे पर तिलक लगाया और हलुआ पूड़ी का भोग लगाया। इसके बाद कन्याओं को शगुन, उपहार आदि देकर विदा किया। क्षमा याचना की और प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही उपवास खोला और नवरात्र का विधान पूरा किया। इस संदर्भ में जगह-जगह धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। पुराना गंज माई के थान में देवी पूजन का दिव्य नजारा देखने लायक रहा। आचार्यो के सानिध्य विशाल यज्ञ पूजन हुआ। इसके बाद भण्डारा, जिसमें लोगों की खूब भीड़ उमड़ी। पंडित दिनेश कौशिक ने प्रसाद बांटा। मंदिर महामाया कमेटी के अध्यक्ष कैलाश गर्ग और महामंत्री सनील अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया। आवास विकास स्थित नर्मदेश्वर मंदिर में यजमानों ने श्रद्धाभाव से यज्ञ किया।
महंत सुनील कुमार, पंडित उमेश कुमार शर्मा, पीयूष कुमार, केके सक्सेना आदि उपस्थित रहे।
स्टेशन रोड़ स्थित श्री दुर्गा मंदिर में संतों ने वैदिक मंत्रों के साथ पूजन किया। सेवादार अंकित मिश्रा ने प्रसाद वितरित किया। अग्रवाल धर्मशाला के श्री दुर्गा शक्ति दरबार में पंडित विश्वनाथ प्रसाद मिश्रा ने यज्ञ किया। इसके बाद भण्डारा हुआ। इस अवसर पर अंजुल कपूर, राम भरोसे लाल यादव, रामनाथ गुप्ता, गोमती देवी मिश्रा, मिथलेश शर्मा, सुरेन्द्र रस्तोगी, पंडित ईज्य पाठक, विनोद कुमार आदि उपस्थित रहे। जिला पंचायत रोड स्थित शिव मंदिर में पंडित नरेन्द्र मिश्रा ने हवन और कन्या पूजन किया।