हाइवे पर फिर लगा दो घंटे जाम
रामपुर। सख्ती के बावजूद हाइवे पर ओवरलोड वाहन दौड़ रहे हैं। इससे जहां सड़कों को नुकसान पहुंच रहा है, वह
रामपुर। सख्ती के बावजूद हाइवे पर ओवरलोड वाहन दौड़ रहे हैं। इससे जहां सड़कों को नुकसान पहुंच रहा है, वहीं हाइवे पर ओवरलोड वाहन जाम का सबब बन रहे हैं। शनिवार को ऐसे ही ओवरलोड वाहन की खराबी से हाइवे पर दो घंटे जाम रहा।
हाइवे पर चौड़ीकरण कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा जहां रेलवे क्रॉसिंग है, वहां ओवरब्रिज बनाया जा रहा है। शहर से होकर गुजरने वाले हाइवे पर पनवड़िया रेलवे क्रॉसिंग है, जहां ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते यहां हाइवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी रहती है। निर्माण स्थल के पास हाइवे पर बेहद गड्ढे हैं, जिनमें अक्सर लोडेड वाहन खराब होते हैं और जाम लग जाता है। शनिवार को भी सुबह करीब नौ बजे भूसा लेकर जा रहा ओवरलोड ट्रक खराब हो गया। इससे हाइवे पर लंबा जाम लग गया। जाम में फंसकर लोग परेशान रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खराब ट्रक को हटवाकर यातायात खुलवाया। हालांकि यातायात सुचारू होने तक दो घटे बीत गए।
गौरतलब है कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ एआरटीओ विभाग ने पिछले दिनों कार्रवाई की थी। इन पर अंकुश लगाने को हाइवे पर 24 घंटे एक एआरटीओ की ड्यूटी लगाने के दावे किए गए, लेकिन यह दावे कुछ दिन में ही हवा हो गए और फिर से हाइवे पर ओवरलोड वाहन दौड़ने लगे हैं।