मेहमान नवाजी में कमी न छोड़ें सपाई : आजम
रामपुर। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव की मेहमान नवाजी को कैबिनेट मंत्री आज
रामपुर। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव की मेहमान नवाजी को कैबिनेट मंत्री आजम खां गुरुवार को रामपुर पहुंच गए। उन्होंने सिविल लाइन से लेकर जौहर यूनिवर्सिटी तक की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सपाइयों से कहा कि मेहमान नवाजी में कोई कसर न छोड़ें।
सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के स्वागत को शहर सपा के रंग में रंग दिया गया है। सीआरपीएफ से लेकर जौहर यूनिवर्सिटी तक सौ से अधिक स्वागत द्वार बनाए गए हैं। बैनर और होर्डिग्स से जौहर रोड सज गया है। गुरुवार को कैबिनेट मंत्री आजम खां ने सीआरपीएफ गेट से लेकर जौहर यूनिवर्सिटी तक की जा रहीं तैयारियों का जायजा लिया और दिशा-निर्देश भी जारी किए। इस दौरान कार्यकर्ताओं को कुछ जिम्मेदारी भी सौंपी। कहा कि मेहमान नवाजी में किसी तरह की कमी न रहने पाए। हर कार्यकर्ता इसका खास ध्यान रखे। व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।
उधर, सपा मुखिया और मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सफल बनाने में सपाइयों ने ताकत झोंक दी है। जहां प्रशासन कार्यक्रम की तैयारी कर रहा है, वहीं सपाई भी कार्यक्रम में चार चांद लगाने में जुटे हैं। इसको लेकर गुरुवार को तोपखाना रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर हुई बैठक में अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य आसिम राजा ने कार्यक्रम की जानकारी दी।
इस मौके पर जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन सलीम कासिम, पूर्व विधायक अफरोज अली खां, सहकारी ग्राम्य विकास बैंक बिलासपुर के चेयरमैन फसाहत अली खां शानू, पूर्व जिलाध्यक्ष ओमेन्द्र सिंह चौहान, आनंद शर्मा, अब्दुल सत्तार, जफर कामरेड आदि शामिल रहे।
दस जगह से यूनिवर्सिटी जाएंगी बस
रामपुर : सपा कार्यालय प्रभारी हक रामपुरी ने बताया कि 21 नवंबर की रात को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के सम्मान में गजल गायकी का कार्यक्रम है। इसमें लोगों के पहुंचने के लिए बसों का इंतजाम किया गया है। बसें शहर के दस स्थानों से यूनिवर्सिटी जायेंगी। इनमें सपा कार्यालय, रामपुर पब्लिक स्कूल, बिलासपुर गेट चौराहा शुतरखाना, ईदगाह गेट, स्टेट बैंक चौराहा राजद्वारा, चौराहा खजान खां, थाना सिविल लाइन, चौराहा पक्का बाग, बाग छोटे साहब जेल रोड और तिराहा बंगला आजाद खां निकट बांस मंडी से बसें जायेंगी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बसें वापस भी आयेंगी।