Move to Jagran APP

रंगबिरंगी रोशनी से जगमग हुआ शहर

रामपुर । देवी लक्ष्मी का हुआ आगमन, घर परिवार में खुशियां आईं, मिलकर झूमे हम सब एक साथ, प्यार स्नेह

By Edited By: Published: Fri, 24 Oct 2014 11:46 PM (IST)Updated: Fri, 24 Oct 2014 11:46 PM (IST)

रामपुर । देवी लक्ष्मी का हुआ आगमन, घर परिवार में खुशियां आईं, मिलकर झूमे हम सब एक साथ, प्यार स्नेह की ऐसी दीपावली मनाई। रोशनी का त्योहार दीपावली शहर में उल्लास और आनंद से मनाया। घर-घर लोगों ने देवी महालक्ष्मी का पूजन किया। कोना कोना दीपों से रोशन किया और पटाखों से खूब धूम मचाई। उत्सव के इस माहौल में आतिशबाजी से आसमान भी झिलमिलाता रहा। शहर रंगबिरंगी रोशनी से जगमग हो गया। हर तरफ लोग खुशी से झूमते नजर आए।

loksabha election banner

दीपावली का दिन सुबह से ही लोगों के चेहरे पर एक चमक लेकर आया। मौसम भी हल्का ठंडा रहा, तो तैयारियों में और उत्साह आ गया। बच्चे, बड़े सभी ने मिलकर घर को सजाया। सुंदर रंगोली बनाई। महिलाओं ने चौक पुराई और स्वादिष्ट पकवान बनाने में समय बिताया। हर तरफ मस्ती माहौल देखने को मिला। बाजार से खरीदारी का सिलसिला भी जोरों पर चला। दिन में हनुमान जी का पूजन किया गया। अब सारी तैयारी पूरी तो बस इंतजार रहा शाम को मां लक्ष्मी के आहवान करने का और बच्चों को आतिशबाजी छोड़ने का। वहीं इस दौरान लोगों ने एक दूसरे से मिलकर उन्हें उपहार और दीपावली की शुभकामनाएं दी। शाम को लोगों ने लक्ष्मी गणेश और कुबेर देवता का विधि विधान से पूजन किया। देवी लक्ष्मी का आहवान कर घर-परिवार और समाज में सुख, वैभव, समृद्धि की मंगल प्रार्थना की। मंत्रोच्चारण से पूजन पूर्ण होने के बाद घर को दीपों से जगमग करने का सिलसिला शुरू हुआ। घर के कोने कोने को दीपों से रोशन किया। दुकानदारों ने भी लक्ष्मी पूजन कर दीप और मोमबत्ती जलाई। सारा शहर रोशनी के नहाया हुआ नजर आया। इसके साथ ही आतिशबाजी का दौर चला। बच्चों और बड़ों ने खूब आतिशबाजी छोड़ी। कई जगह आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र बनी। रोशन बाग, आवास विकास, वीआईपी कालोनी में सम्पन्न परिवारों ने जमकर देर तक आतिशबाजी छोड़ी। इसके अलावा पुराना गंज, मिस्टन गंज, राजद्वारा, कृष्णा विहार, साई विहार, शिवा पुरम आदि मुहल्लों में लोगों ने आतिशबाजी छोड़ी। जगह-जगह दीपावली उत्सव मनाए गए। आवास विकास, कुंज विहार, ब्रज विहार आदि में लोगों ने सामूहिक दीपोत्सव मनाया। वहीं मंदिरों में भी महालक्ष्मी पूजन हुआ। पूजन के बाद लोगों को प्रसाद वितरण किया गया।

बिलासपुर : गुरुवार को शुभ मुहुर्त में भगवान गणेश और महालक्ष्मी देवी की पूजा अर्चना की। बाद में देर रात तक आतिशबाजी छोड़ी गई। लोगों ने एक दूसरे को बधाई दी और उपहार आदि भेंट किए।

मिलक : दीपावली पर श्रीगणेश व महालक्ष्मी का पूजन कर सुख व समृद्धि की मंगल कामना की गई। घरों, देवालयों और प्रतिष्ठानों को भव्य रूप से सजाया गया। बच्चों ने आतिशबाजी का जमकर लुफ्त उठाया।

टांडा : दीपावली पर घर व दुकानों आदि की सजावट की गई। लोगों ने एक दूसरे को दीपावली की बधाई दी। उपहार आदि भेंट किए गए।

सैफनी : दीपावली के चलते मिट्टी के खिलौने, बताशे, मोमबत्ती आदि खूब बिके। देर शाम पूजा की गई। इसके बाद लोगों व बच्चों ने जमकर आतिशबाजी छोड़ी।

महिलाओं ने पकवानों से मनाई दीपावली

रामपुर : उत्तराखंड पर्वतीय महिला समाज की ओर से एकता विहार में स्वादिष्ट पकवानों से दीपावली उत्सव मनाया। इस दौरान कुसुम नेगी ने कहा कि जब बिजली नहीं थी तो चीड़ की लकड़ी, जिसे भेल कहते हैं, यही दीप हुआ करते थे। उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी। महिलाओं ने मंगल लोक गीत गाए। इस अवसर पर कल्पेश्वरी रावत, पुष्पा ध्यानी, सुधा शर्मा, रेनू ध्यानी, नंदी उप्रेती, शालू ध्यानी, गंगा देवी, पदमिनी रावत, गीता रावत, नैंसी रावत, विमला रावत, लक्ष्मी उनियाल, शशि कांता, संगीता, रिया, चित्रा, शीला आदि रही।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.